Delhi Fire: पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन की फैक्टरी में लगी आग, छह घंटे की मशक्कत के बाद काबू; कोई जनहानि नहीं

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर में शनिवार रात पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी में मोबाइल चार्जर और बैटरी सहित मोबाइल फोन के कलपुर्जे बनाए जाते थे। आग लगते ही वहां मौजूद सभी कर्मचारी और अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग के अनुसार, रात 9:41 बजे महिपालपुर की गली नंबर-12 स्थित कोल्मेट कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में 15 और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। आग तेजी से तीन मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों में फैल गई थी। दमकल कर्मियों ने लगातार अभियान चलाकर करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद देर रात लगभग 3:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि फैक्टरी को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग आग के वास्तविक कारणों तथा हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। एहतियात के तौर पर आसपास के कुछ प्रतिष्ठानों को भी खाली कराया गया।

#CityStates #DelhiNcr #DelhiFire #FireNews #DelhiFireServices #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 30, 2026, 23:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi Fire: पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन की फैक्टरी में लगी आग, छह घंटे की मशक्कत के बाद काबू; कोई जनहानि नहीं #CityStates #DelhiNcr #DelhiFire #FireNews #DelhiFireServices #VaranasiLiveNews