Aligarh News: अस्पताल में पंखा बंद करने पर मारपीट
मोहनलाल गौतम महिला जिला अस्पताल में सोमवार की रात पंखा बंद करने पर हुए विवाद में स्टाफ ने एक तीमारदार व उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी और मारपीट का वीडियो तक बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले में बन्नादेवी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं मारपीट के मुख्य आरोपी संविदा कर्मी को ड्यूटी से हटा दिया गया है। अकराबाद के अधौन गांव के ज्ञान प्रकाश अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए अस्पताल लाए थे। सोमवार देर रात उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। प्रसव के बाद ज्ञान प्रकाश अपनी मां के साथ अस्पताल के प्रतीक्षा क्षेत्र में बैठे थे। रात में एक कर्मचारी ने बार-बार पंखा बंद किया, जिस पर ज्ञान प्रकाश ने आपत्ति जताई। इस बात को लेकर कर्मचारी ने उन्हें गाली दी। इसके बाद कर्मचारी ने अपने साथी कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी को बुला लिया। उन सभी ने मिलकर ज्ञान प्रकाश की बुरी तरह पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आई उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ज्ञान प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। सीओ द्वितीय धनंजय के अनुसार ज्ञान प्रकाश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। वायरल वीडियो में मारपीट की घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। अस्पताल प्रशासन का पक्ष : अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तैयब खान ने कहा है कि संबंधित कर्मचारी का तर्क था कि वह खाना खा रहा था। खाने में कीड़े गिर रहे थे, इसलिए उसने लाइट बंद की थी। इसके साथ पंखा भी बंद हो गया था। इसके बाद विवाद में मारपीट हुई है। आरोपी कर्मचारी के इस अनुचित व्यवहार को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है। एजेंसी से दूसरा कर्मचारी देने के लिए कहा गया है।
#AligarhNews #DistrictHospital #Crime #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 02:52 IST
Aligarh News: अस्पताल में पंखा बंद करने पर मारपीट #AligarhNews #DistrictHospital #Crime #VaranasiLiveNews
