Rohtak News: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 22 से 24 जुलाई तक भाजपा सांसदों का घेराव करेंगे किसान
रोहतक। भारतीय किसान यूनियन हरियाणा की बैठक में किसान नेता नफे सिंह ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदेश के किसान 22 से 24 जुलाई तक भाजपा सांसदों का घेराव करेंगे। साथ ही, अपनी मांगों को मनवाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। अनाज मंडी स्थित किसान भवन में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन की बैठक हुई। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। किसान नेता चौधरी नफे सिंह ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हो रहे कृषि व्यापार समझौते से भारत को बाहर आना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि किसानों के सभी कर्ज बिना शर्त माफ कर उन्हें कर्ज मुक्त किया जाए। किसानों की सभी फसलों का भाव स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार सी-2 प्लस 50 प्रतिशत के हिसाब से तय कर खरीद की गारंटी का कानून बनाया जाए।राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जोगिंदर घासी राम नैन ने कहा कि 22 जुलाई को कुरुक्षेत्र में नवीन जिंदल के आवास पर अंबाला, यमुनानगर, कैथल और कुरुक्षेत्र के किसान प्रदर्शन करेंगे। इसी दिन रोहतक में भाजपा कार्यालय, टोहाना में सुभाष बराला के कार्यालय और गुरुग्राम में राव इंद्रजीत के कार्यालय पर भी प्रदर्शन होगा। 23 जुलाई को करनाल में मनोहर लाल खट्टर के कार्यालय पर जींद और करनाल के किसान ज्ञापन सौंपेंगे। 24 जुलाई को भिवानी में सांसद धर्मबीर के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। महासचिव जियालाल ने बताया कि 28 जुलाई को देश के किसानों और 29 जुलाई को किसान-मजदूरों की संयुक्त कन्वेंशन दिल्ली के तालकटोरा मैदान में होगी। इसमें हरियाणा से संयुक्त किसान मोर्चा भाग लेगा। बैठक में जिला प्रधान रणधीर हुड्डा, दिलावर सिंह, जय भगवान टिटोली, बलवान सिंह नैहरा, रमेश कंडेला, मेवा सिंह, सुनील बैनीवाल सहित अनेक जिलों के किसान मौजूद रहे।
#FarmersToGheraoBJPMPsFromJuly22To24InProtestAgainstTheIndia-USTradeDeal. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 19:19 IST
Rohtak News: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 22 से 24 जुलाई तक भाजपा सांसदों का घेराव करेंगे किसान #FarmersToGheraoBJPMPsFromJuly22To24InProtestAgainstTheIndia-USTradeDeal. #VaranasiLiveNews
