Meerut News: सचिव से ब्याज का हिसाब मांगने पहुंचे किसान
गन्ना समिति डायरेक्टर के नेतृत्व में समिति दफ्तर पहुंचे नाराज किसानआश्वासन देने के बाद भी ब्याज का ब्योरा न देने का आरोप27 को बोर्ड की आपात बैठक में होगा ब्याज के ब्योरे पर मंथनसंवाद न्यूज एजेंसीदौराला। गन्ना भुगतान पर बकाया ब्याज का पूरा हिसाब नहीं मिलने से किसानों में गुस्सा है। गन्ना समिति डायरेक्टर जयदेव अहलावत के नेतृत्व में किसानों ने शनिवार को दौराला गन्ना समिति कार्यालय पहुंचकर सचिव से नाराजगी जताई। किसानों ने ब्याज का पूरा विवरण मांगा। घंटों चली वार्ता के बाद सहमति बनी कि 27 अक्तूबर को समिति बोर्ड की आपातकालीन बैठक बुलाकर मिल अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को ब्याज का ब्योरा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद किसान वापस लौट गए।गन्ना समिति डायरेक्टर जयदेव अहलावत ने बताया कि 13 अक्तूबर को गन्ना भुगतान पर ब्याज की मांग को लेकर समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान समिति सचिव प्रदीप यादव ने तीन साल के ब्याज का विवरण देते हुए शेष ब्योरा उपलब्ध कराने के लिए 24 अक्तूबर तक का समय मांगा था। निर्धारित समय पूरा होने पर शनिवार को किसान प्रतिनिधि समिति पहुंचे और ब्याज का हिसाब मांगा लेकिन पूरा विवरण नहीं मिलने पर उन्होंने सचिव को आंदोलन की चेतावनी दी। किसानों का कहना था कि नियमानुसार 14 दिन से अधिक विलंब होने पर मिलों को ब्याज देना होता है, लेकिन हर साल किसानों को देरी से भुगतान होता है लेकिन ब्याज नहीं दिया जाता। यह किसानों के साथ नाइंसाफी है। किसानों को यदि समय पर भुगतान नहीं मिलता तो उसका ब्याज मिलना चाहिए।इस दौरान गन्ना समिति अध्यक्ष भूपेंद्र अहलावत ने सचिव से वार्ता की। इसके बाद 27 अक्तूबर को बोर्ड की आपातकालीन बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में संबंधित चीनी मिल के अधिकारियों को भी ब्याज के पूरे विवरण के साथ बुलाया जाएगा, ताकि बोर्ड सदस्यों और किसान प्रतिनिधियों के सामने भुगतान पर बकाया ब्याज का हिसाब रखा जा सके। इस पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। जयदेव अहलावत ने कहा कि किसानों को गन्ना भुगतान पर मिलने वाले ब्याज का पूरा हिसाब मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित बैठक में ब्याज का विवरण नहीं दिया गया तो किसान दोबारा धरना-प्रदर्शन करेंगे। समिति अध्यक्ष भूपेंद्र अहलावत ने कहा कि समिति सचिव और मिल अधिकारियों को बोर्ड बैठक में किसानों के ब्याज का पूरा विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। उन्होंने किसानों के हितों की पैरवी जारी रखने की बात कही।
#FarmersArrivedToDemandAnAccountOfInterestFromTheSecretary. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 15:33 IST
Meerut News: सचिव से ब्याज का हिसाब मांगने पहुंचे किसान #FarmersArrivedToDemandAnAccountOfInterestFromTheSecretary. #VaranasiLiveNews
