Delhi NCR News: फैक्टरी से बाहर निकलते ही मालिक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, मौत
-नरेला औद्योगिक क्षेत्र की घटना, मृतक के बड़े भाई ने कहा-फैक्टरी के एक कर्मचारी से दिन में हुआ था विवाद, रात में कर्मी ने दोस्तों संग किया हमला -शुक्रवार दिन में कर्मचारी से फैक्टरी मालिक का हुआ था विवाद, पुलिस नामजद की धर पकड़ और हमलावरों की पहचान करने में जुटी अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली।नरेला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार की रात अज्ञात हमलावरों ने एक फैक्टरी मालिक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त 28 साल के रवि के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह ने बताया कि उनका दिन में फैक्टरी के एक कर्मचारी से विवाद हुआ था। आरोप है कि घर जाने के दौरान उसी कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हत्या का केस किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है।जानकारी के मुताबिक रवि सपरिवार गौतम कॉलोनी नरेला में रहते थे। वह नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी चलाते थे। चौधरी एंटरप्राइजेज नाम से चलने वाली फैक्टरी में जूते-चप्पलों के ऊपरी हिस्से बनाए जाते हैं। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि शुक्रवार रात नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को राजा हरिशचंद अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने के बाद भर्ती किए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि बेहोशी का हालत में भर्ती कराए युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। मृतक की शिनाख्त 28 साल के रवि के रूप में हुई। उसकी गर्दन के बाईं तरफ, बाएं कंधे और बाईं कमर के पिछले हिस्से में चाकू के कई घाव थे।मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह ने बताया कि रात 8.30 बजे रवि फैक्टरी बंद करने के बाद ठेकेदार सोनू को चाबी देकर एक साथी के साथ अपनी बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका और उनपर चाकू से ताबड़ताड़ हमला कर दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग गए। बड़े भाई ने बताया कि दिन में रवि का अपने एक कर्मचारी से किसी बात पर विवाद हो गया था। उसके बाद कर्मचारी फैक्टरी से चला गया था। उनका आरोप है कि उस कर्मचारी ने ही अपने साथियों के साथ रवि पर हमला किया है। पुलिस ने रणवीर सिंह के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश के साथ साथ आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
#FactoryOwnerStabbedToDeathAsHeLeavesFactory #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 20:13 IST
Delhi NCR News: फैक्टरी से बाहर निकलते ही मालिक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, मौत #FactoryOwnerStabbedToDeathAsHeLeavesFactory #VaranasiLiveNews
