Maharajganj News: महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर
महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह और आकांक्षा हाट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल और विधायक सदर ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आज यहां आकांक्षा हाट 2025 का शुभारंभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों एवं कौशल को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच भी प्रदान कर रहा है।सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि आकांक्षा हाट स्थानीय युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि आकांक्षी हाट योजना आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आज संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का उद्देश्य उन फ्रंटलाइन वर्कर्स के प्रयासों और श्रम को सम्मान देना है। जनपद के 06 ब्लॉक पनियरा, परतावल, सदर, मिठौरा, निचलौल और नौतनवा आकांक्षी ब्लॉकों में सम्मिलित हैं। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, नीति आयोग के प्रतिनिधि के अमितेश कुमार पांडेय मौजूद रहे।
#MaharajganjNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 31, 2025, 20:57 IST
Maharajganj News: महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर #MaharajganjNews #VaranasiLiveNews
