काबू में आया धनराज: लगे तीन इंजेक्शन, हथिनी को देखने के बाद बिदक गया था; महावत का ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
गोरखपुर से आई प्राणि उद्यान के डॉक्टरों की टीम ने रामनगर की रामलीला में आए हाथी धनराज को तीन इंजेक्शन दिए तब जाकर काबू में आ सका। हाथी को रासलीला मैदान में बांधकर रखा गया है। वन विभाग और हाथी मालिक के कर्मचारी उसकी निगरानी कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम के मुताबिक, हाथी मस्ती में है। एक हथिनी को देखने के बाद बिदक गया था। हाथी के मस्ती में रहने की समय सीमा दो महीने की होती है। हाथी जब मस्ती में रहे तो उसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नहीं भेजना चाहिए। इस मामले में निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। दूसरी तरफ, विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला में हाथी के उपयोग की अनुमति वन विभाग से नहीं ली गई थी। यह 14वां मौका है जब आजमगढ़ से हाथी रामनगर की रामलीला में आया था। प्रभु नारायण इंटर कॉलेज के सामने रासलीला मैदान में बांधे गए हाथी को देखने के लिए सोमवार को भी लोगों की भीड़ पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था में रामनगर थाने के चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मालिक अब हाथी को वापस आजमगढ़ ले जाने की तैयारी में है। रविवार को बिदके हाथी को काबू में करने के लिए वन विभाग की टीम को 11:30 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। हाथी ने महावत छापलू को कुचल दिया था। उसका बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। हाथी ने कई खंभे उखाड़ दिए थे। जमकर उत्पात मचाया था।
#CityStates #Varanasi #DhanrajElephant #Ramleela #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 01:54 IST
काबू में आया धनराज: लगे तीन इंजेक्शन, हथिनी को देखने के बाद बिदक गया था; महावत का ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज #CityStates #Varanasi #DhanrajElephant #Ramleela #VaranasiLiveNews
