Lakhimpur Kheri: अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाई ईद-उल-अजहा, लोगों ने गले मिलकर दी मुबारकबाद
लखीमपुर खीरी जिले भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व रविवार को पूरे अकीदत, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। नमाज अदा कर लोगों ने देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। कई स्थानों पर मेले जैसा माहौल भी देखने को मिला। जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। लखीमपुर की ईदगाह मस्जिद में कारी इसहाक, मीनार मस्जिद में मौलाना अशफाक, कचहरी मस्जिद में मौलाना इकरार, मस्जिद गोटईबाग में मौलाना अनस, हुदा मस्जिद में मौलाना रईस नदवी, महराजनगर में मौलाना राशिद तथा कस्बा खीरी की ईदगाह में मौलाना निजामुद्दीन ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद पेश इमामों ने अपने संबोधन में लोगों से दीन और सच्चाई के रास्ते पर चलने की अपील की। साथ ही मुल्क की तरक्की, आपसी भाईचारे, अमन और इंसानियत की हिफाजत के लिए विशेष दुआ कराई गई। इस मौके पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने ईदगाह लखीमपुर, खीरी टाउन सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा कर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।
#CityStates #LakhimpurKheri #EidUlAdha2026 #Bakrid2026 #Eid #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 13:52 IST
Lakhimpur Kheri: अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाई ईद-उल-अजहा, लोगों ने गले मिलकर दी मुबारकबाद #CityStates #LakhimpurKheri #EidUlAdha2026 #Bakrid2026 #Eid #VaranasiLiveNews
