Ayodhya News: तीन जगहों से रामपथ पार कर सकेंगे ई-रिक्शा चालक
अयोध्या। करीब 100 घंटे तक चला ई-रिक्शा चालकों का आमरण अनशन सोमवार को खत्म हो गया। सीओ कार्यालय में आयोजित बैठक में एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक और सीओ अयोध्या ने चालकों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इसके बाद सहमति बनी कि रिक्शा चालकों को रामपथ को पार करने के लिए तीन स्थानों पर कट दिया जाएगा। प्रशासन के इस निर्णय के बाद आंदोलनकारी चालकों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। पांच फरवरी को मंडलायुक्त राजेश कुमार के आदेश के बाद टेढ़ी बाजार से लता चौक तक ई-रिक्शा संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस फैसले के बाद मंगलवार से उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शन के बाद चालक छोटी छावनी के पास स्थित एक होटल परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए थे। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि रामपथ पर तीन स्थानों पर कट देने पर सहमति बनी है। यह कट जानकी महल, छोटी देवकाली और श्रीराम अस्पताल के पास हो सकता है। चालकों ने आमरण अनशन खत्म कर दिया है। जोन-1 में लगभग 2700 ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है। कट पर सहमति मिलने के बाद ई-रिक्शा चालकों ने थोड़ी बहुत राहत की सांस ली, लेकिन अभी भी ई-रिक्शा चालकों का मांग है कि रामपथ पर पहले जैसा संचालन होना चाहिए। चालकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
#E-rickshawDriversWillBeAbleToCrossRamPathFromThreeLocations #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 21:34 IST
Ayodhya News: तीन जगहों से रामपथ पार कर सकेंगे ई-रिक्शा चालक #E-rickshawDriversWillBeAbleToCrossRamPathFromThreeLocations #VaranasiLiveNews
