Khandwa Weather: तेज धूल भरी आंधी ने मचाया हड़कंप, कई इलाकों में टूटे पेड़, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
खंडवा और आसपास के इलाकों में सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। चिलचिलाती धूप और उमस के बीच अचानक आसमान में धूल का गुबार छा गया, और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र तेज आंधी और धूल के आगोश में समा गया। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे और कुछ इलाकों में इससे भी तेज रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। इस अचानक आए धूल भरे बवंडर से शहर के कई हिस्सों में भारी नुकसान भी देखने को मिला है। शहर के कई इलाकों में पेड़ टूटने की जानकारी भी सामने आई है। कई जगहों पर तो तारों पर पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई। खंडवा में सोमवार को अचानक तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश का दौर देखने को मिला। शाम करीब 6:00 बजे शुरू हुई तेज बारिश से अचानक जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। आम लोग बारिश से बचने को इधर उधर भागते दिखाई दिए तो वहीं इस दौरान आसमान पर काले घने बादलों का साया दिखाई दिया। यही नहीं इसके साथ ही तेज चमक और आवाज के साथ बिजली भी आसमान में कड़कती दिखाई दी। साथ ही तेज हवा आंधी के चलते पेड़ भी हवा के झोंकों में डोलते दिखाई दे रहे थे। ये भी पढ़ें-मालवा के कई इलाकों में आंधी, इंदौर में 150 से ज्यादा पेड़ गिरे, देवास-उज्जैन समेत कई शहर प्रभावित बता दें कि, पश्चिम विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह स्थिति बनी है। आगामी कुछ घंटों में आंधी के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की भी संभावना है, जिससे तापमान में और भी गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस समय खंडवा सहित आस पास के क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर जारी है। निमाड़ का तापमान लगभग 44 डिग्री के आसपास रोजाना ही पहुंच रहा है। इसके चलते झुलसाने वाली गर्मी से आम जन परेशान थे। ऐसे में अचानक बदले मौसम के मिजाज से मौसम में भी ठंडक घुल गई। इससे जहां लोगों ने राहत की सांस ली तो वहीं कुछ लोग बारिश से बचने के इंतजाम भी करते दिखे।
#CityStates #Crime #Khandwa #MadhyaPradesh #KhandwaNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 18:30 IST
Khandwa Weather: तेज धूल भरी आंधी ने मचाया हड़कंप, कई इलाकों में टूटे पेड़, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त #CityStates #Crime #Khandwa #MadhyaPradesh #KhandwaNews #VaranasiLiveNews
