Delhi: नशे में धुत पिता ने बच्चों के सामने ही उनकी मां को मार डाला, पति-पत्नी में आए दिन होते रहते थे झगड़े
वेलेंटाइन डे के दिन एक शख्स ने मामूली झगड़े के बाद अपनी पत्नी को बच्चों के सामने ही मौत के घाट उतार दिया। मृतका की शिनाख्त सुमन (35) के रूप में हुई है। शराब के नशे में धुत आरोपी ने पत्नी के ही स्कार्फ से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। 10 और 13 साल के बच्चों ने मां को बचाने की खूब कोशिश की। बात न बनी तो उन्होंने खिड़की से चिल्लाकर पड़ोसियों से मदद मांगी। पड़ोसियों ने पुलिस को कॉल कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया और सुमन को संजय गांधी अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति अनिल (39) को गिरफ्तार कर लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था। दरअसल अनिल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। दोनों काफी समय तक अलग भी रहे। गाजियाबाद कोर्ट में इनका केस भी चल रहा था। सुमन कोर्ट के आदेश पर ही पति के साथ रही थी। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि सुमन अपने परिवार के साथ पी-ब्लॉक, सुल्तानपुरी में रहती थी। इसका पति पंजाबी बाग इलाके में चालक की नौकरी करता है। शनिवार दोपहर 12 बजे पड़ोसियों ने पुलिस को कॉल झगड़े की खबर दी। पुलिस ने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर सुमन फर्श पर अचेत पड़ी थी। कमरे में अनिल व दोनों बच्चे भी मौजूद थे। दोनों बच्चों ने बताया कि उनकी मां को पिता अनिल ने मारा है। पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया। समय पर पड़ोसी करतेमदद तो बच जाती जान जांच के बाद पुलिस को पता चला कि शनिवार को अनिल व सुमन के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसी बात पर आरोपी ने पहले सुमन को पीटा। बाद में वह उसका गला घोंटने लगा। बच्चों ने खिड़की के रास्ते शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाने का प्रयास किया। खिड़की तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बच्चों ने आरोप लगाया कि यदि पड़ोसी मदद करते तो उनकी मां की जान बच सकती थी।
#CityStates #DelhiNcr #Delhi #Murder #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 04:46 IST
Delhi: नशे में धुत पिता ने बच्चों के सामने ही उनकी मां को मार डाला, पति-पत्नी में आए दिन होते रहते थे झगड़े #CityStates #DelhiNcr #Delhi #Murder #VaranasiLiveNews
