Rohtak News: ड्राइवर से बने सफल झींगा उत्पादक, अब सालाना कमा रहे 20 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन किसी भी व्यक्ति की जिंदगी बदल सकता है। इसका जीवंत उदाहरण गांव लाहली निवासी 40 वर्षीय किसान रिशिपाल हैं। वह एक साधारण ड्राइवर से सफल झींगा उत्पादक बनकर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वे झींगा पालन के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 20 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं। वह क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।रिशिपाल ने 10वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने करीब सात से आठ वर्षों तक लाहली स्थित केंद्रीय मत्स्य शिक्षा संस्थान (सीआईएफई) में ड्राइवर के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों को नजदीक से देखा और इसकी संभावनाओं को समझा। यहीं से उनके मन में जलीय कृषि के प्रति रुचि पैदा हुई।वर्ष 2014 में उन्होंने ड्राइविंग का कार्य छोड़कर मत्स्य विभाग के प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन के साथ एक एकड़ भूमि में झींगा पालन शुरू किया। पहले वर्ष उन्होंने लगभग एक लाख झींगा बीज तालाब में डाले और करीब एक हजार किलोग्राम उत्पादन हासिल किया। इस प्रयास से उन्हें तीन से चार लाख रुपये की वार्षिक बचत होने लगी। शुरुआती सफलता ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्होंने धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार कर लिया। आज रिशिपाल लगभग 13 एकड़ भूमि में झींगा पालन कर रहे हैं। सभी खर्चों को निकालने के बाद उन्हें करीब 20 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने खारी और बंजर भूमि को भी आय का मजबूत स्रोत बना दिया है। उनके इस प्रयास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं।उपायुक्त सचिन गुप्ता ने रिशिपाल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं।
#DriverTurnedSuccessfulShrimpFarmer #NowEarningRs20LakhAnnually #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 18:15 IST
Rohtak News: ड्राइवर से बने सफल झींगा उत्पादक, अब सालाना कमा रहे 20 लाख #DriverTurnedSuccessfulShrimpFarmer #NowEarningRs20LakhAnnually #VaranasiLiveNews
