Jind News: नागरिक अस्पताल में पेयजल व सफाई व्यवस्था नहीं मिली सही
जींद। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत शुक्रवार रात को निरीक्षण में सामने आ गई। डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो सफाई व्यवस्था और पेयजल प्रबंधन से जुड़ी कई अव्यवस्थाएं पाई गईं। इन पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने, मरीजों व तीमारदारों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन रात्रि निरीक्षण अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी, डीएमएस, एसएमओ, आरएमओ, ऑन ड्यूटी सुपरवाइजर तथा बिजली विभाग के सुपरवाइजर की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई गई है। यदि कोई अधिकारी अवकाश पर होगा तो अगले दिन का अधिकारी अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेगा। उन्होंने बताया कि रात्रि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट प्रधान चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से सिविल सर्जन को ई-मेल और हार्ड कॉपी के रूप में भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य रात्रि के समय भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और अस्पताल की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखना है।
#DrinkingWaterAndSanitationArrangementsAtTheCivilHospitalWereFoundToBeInadequate. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 17:37 IST
Jind News: नागरिक अस्पताल में पेयजल व सफाई व्यवस्था नहीं मिली सही #DrinkingWaterAndSanitationArrangementsAtTheCivilHospitalWereFoundToBeInadequate. #VaranasiLiveNews
