Jind News: डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने किया बायोगैस प्लांट का निरीक्षण
जींद। शहर के लोगों की बायोगैस प्लांट से संबंधित शिकायतें सामने आने के बाद डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संबंधित बायोगैस प्लांट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन, प्लांट प्रबंधन, स्थानीय निवासियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानीं व उनके समाधान के दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्लांट के तकनीकी अधिकारियों को स्थानीय लोगों द्वारा उठाई शिकायतों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से वायु प्रदूषण, पानी के अत्यधिक उपयोग, मशीनों से उत्पन्न ध्वनि प्रदूषण की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। लोगों ने मकानों में दरारें आने की शिकायत डिप्टी स्पीकर के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी जांच करवाने, जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मकानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बायोगैस प्लांट की दीवार से सटे क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाने के निर्देश भी दिए। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने प्लांट प्रबंधन को संयंत्र संचालन से जुड़े तकनीकी एवं पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य स्थानों पर स्थापित ऐसे संयंत्रों के संचालन मानकों का अध्ययन कर आवश्यक जांच की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी नियमों का पालन हो रहा है। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कौशिक, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, डीएमसी अनिल दून मौजूद रहे।
#DeputySpeakerDr.KrishanLalMiddhaInspectedTheBiogasPlant. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 19:47 IST
Jind News: डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने किया बायोगैस प्लांट का निरीक्षण #DeputySpeakerDr.KrishanLalMiddhaInspectedTheBiogasPlant. #VaranasiLiveNews
