Delhi: स्वतंत्रता दिवस से पहले लालकिले के आस-पास मिले 333 आपराधिक वृत्ति के लोग, चल रही है पूछताछ
स्वतंत्रता दिवस से पहले लालकिले के आसपास 333 अपराधी प्रवृत्ति के लोग मिले हैं। दिल्ली पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। दूसरी तरफ पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के कवर्ट सीसीटीवी कैमरों की आशंका को लेकर पुलिस ऑडिट करवा रही है। लालकिले व उसके आसपास 1000 से ज्यादा आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि ज्यादातर सीसीटीवी कैमरों का ऑडिट हो चुका है और कहीं भी कोई कवर्ट सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है। गैंगस्टर से आतंकी बन पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई देश में तबाही मचाना चाहती है। वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी के जरिए लगातार प्रयास कर रही है। दिल्ली पुलिस व खुफिया विभाग ने शहजाद भट्टी से जुडे़ कई आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 65 से ज्यादा संदिग्ध आतंकियों का पकड़ चुकी है। इन गिरफ्तारियों के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को पता लगा था कि हैंडलर शहजाद भट्टी ने अपने स्लीपर सेल और नेटवर्क के जरिए भारत में कई जगहों पर छिपे हुए (कवर्ट) सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। इन कैमरों की फुटेज पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजी जा रही थी यानी सीधी लाइव कवरेज जा रही थी। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर ओवरहेड इक्विपमेंट के खंभों पर ऐसे निगरानी कैमरे लगाए गए थे। हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर 3 के पास, पोल नंबर 47/27) पर भी ऐसा एक सिम-कार्ड आधारित गुप्त सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था जिसे बाद में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा बरामद कर लिया गया। भट्टी का दिल्ली और गाजियाबाद में सिम कार्ड आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले नेटवर्क से संपर्क था। इन कैमरों को देश भर के 50 स्थानों पर लगाने की साजिश थी। 26701 लोगों की हो चुकी है जांच स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने लालकिले पर होने वाले समारोहों के दौरान वीआईपी और अन्य लोगों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले मार्ग के पास स्थित कम से कम 14,000 घरों, दुकानों और कार्यालयों की पहचान की है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान के लिए इसे विशेष शाखा के साथ साझा किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि ई-परीक्षण से अब तक 26701 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 333 लोग आपराधिक प्रवृति के पाए गए हैं। अब इनका रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इसमें पुलिस ई-परीक्षण एप का इस्तेमाल कर रही है जो आंतरिक डिजिटल टूल है।
#CityStates #DelhiNcr #Delhi #IndependenceDay2026 #DelhiPolice #Security #RedFortDelhi #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 02:20 IST
Delhi: स्वतंत्रता दिवस से पहले लालकिले के आस-पास मिले 333 आपराधिक वृत्ति के लोग, चल रही है पूछताछ #CityStates #DelhiNcr #Delhi #IndependenceDay2026 #DelhiPolice #Security #RedFortDelhi #VaranasiLiveNews
