Damoh News: तालाब में मिले प्रेमी युगल के शव, मंदिर में शादी की तस्वीरें वायरल; अब लगे रहे हत्या के आरोप
देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत स्थित राजनगर तालाब में प्रेमी युगल के शव मिलने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। सोमवार को तालाब से कटनी जिले की युवती का शव मिलने के बाद मंगलवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने उसी तालाब से दमोह निवासी युवक का शव भी बरामद कर लिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। युवती और युवक के परिजन एक-दूसरे पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तालाब किनारे मिली स्कूटी, चप्पल और मोबाइल से हुई पहचान जानकारी के अनुसार सोमवार शाम राजनगर तालाब में एक युवती का शव तैरता हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जबलपुर नाका चौकी पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने शव बाहर निकाला। तालाब किनारे एक स्कूटी, दो जोड़ी चप्पल, मोबाइल फोन और कुछ दस्तावेज मिले। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर युवती की पहचान कटनी जिले के रंगनाथ थाना क्षेत्र निवासी सत्या पिता कैलाश निषाद के रूप में हुई।मौके पर मौजूद सामान से यह भी पता चला कि युवती के साथ एक युवक भी था, जो लापता है। इसके बाद पुलिस ने देर रात तक उसकी तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरी कोशिश में मिला युवक का शव मंगलवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने दोबारा राजनगर तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब कुछ घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव भी तालाब से बरामद कर लिया। उसकी पहचान दमोह शहर की इंद्रा कॉलोनी निवासी अनमोल मुड़ा के रूप में हुई। युवक के शव के बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भिजवाया। ये भी पढ़ें-ड्रग्स निर्माण के लिए जीएसटी पंजीकरण का कथित दुरुपयोग, हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका एक ही स्कूटी पर जाते दिखे थे दोनों पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले युवक और युवती को एक ही स्कूटी पर राजनगर क्षेत्र की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद दोनों का मोबाइल बंद हो गया। युवक की गुमशुदगी दमोह सिटी कोतवाली में जबकि युवती की गुमशुदगी कटनी जिले में दर्ज कराई गई थी। दोनों की तलाश चल ही रही थी कि सोमवार और मंगलवार को दोनों के शव तालाब से बरामद हो गए। मंदिर में शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल घटना के बाद सोशल मीडिया पर युवक और युवती की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। इन तस्वीरों में दोनों मंदिर में एक-दूसरे को वरमाला पहनाते और शादी की रस्में निभाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ विवाह कर लिया था। हालांकि पुलिस ने इन तस्वीरों की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल तस्वीरों की जांच की जाएगी कि वे कब और कहां की हैं तथा उनका इस घटना से क्या संबंध है। परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद गहरा गया है। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। वहीं युवक के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे के साथ भी अनहोनी हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला अस्पताल में बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा दोनों शव जिला अस्पताल पहुंचने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम से पहले दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर समझाइश दी, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के बीच पहले युवती और उसके बाद युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना में दोनों मृतकों के परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस बोली- जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचेंगे देहात थाना प्रभारी अमित गौतम ने बताया कि दोनों शव एक ही तालाब से मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। सोशल मीडिया पर वायरल शादी की तस्वीरों की भी जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य कारण की संभावना को खारिज नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रेमी युगल ने आत्महत्या की या उनके साथ कोई साजिश हुई। मौके पर पहुंची पुलिस इन दोनों के शव तालाब में मिले।
#CityStates #Crime #Damoh #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 12:55 IST
Damoh News: तालाब में मिले प्रेमी युगल के शव, मंदिर में शादी की तस्वीरें वायरल; अब लगे रहे हत्या के आरोप #CityStates #Crime #Damoh #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews
