मौसम का हाल: अर्नब की दस्तक से पहले ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश, 15 राज्यों में अलर्ट; स्कूल-कॉलेज बंद

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, केरलम, पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अर्नब 28 अक्तूबर को आंध्र के तट से टकरा सकता है। चक्रवात के असर से यूपी, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब समेत 15 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।  ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्तूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आठ मंत्रियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान का आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में असर देखने को मिलेगा। इस दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। सुरक्षा के मद्देनजर तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। पुडुचेरी में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, तमिलनाडु में भारी बारिश के बीच इरोड जिले में रविवार को कोडिवेरी बांध पर लगातार दूसरे दिन पर्यटकों का प्रवेश बंद रहा। हरियाणा : मंडियों में भीगा 810 करोड़ का धान पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार रात हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जीटी बेल्ट समेत प्रदेश के कई जिलों में किसानों और आढ़तियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और आपूर्ति बाधित होने के साथ मंडियों में खुले में रखा 3.32 लाख मीट्रिक टन (करीब 810 करोड़ रुपये) धान भीग गया। कैथल की मंडियों में करीब दो लाख और कुरुक्षेत्र में एक लाख मीट्रिक टन धान भीग गया। करनाल में करीब 30 हजार मीट्रिक टन धान बारिश की चपेट में आया। करनाल की नई अनाज मंडी में उठान नहीं होने से शेड के बाहर रखे कट्टों के आसपास पानी जमा हो गया। केरलम और आंध्र में रेड अलर्ट मौसम विभाग ने 26 और 27 अक्तूबर के लिए केरलम और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि तमिलनाडु-पुडुचेरी में ऑरेंज अलर्ट है। कर्नाटक, रायलसीमा में यलो अलर्ट है। ओडिशा में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द ओडिशा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें तत्काल अपने मुख्यालय लौटने का निर्देश दिया गया है। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल की 60 टीमें और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 17 टीमें तैनात की गई हैं। इन राज्यों में होगी बारिश चक्रवाती तूफान के प्रभाव और पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और गोवा समेत 15 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और कश्मीर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। रविवार को जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली और केदारधाम में दूसरी बर्फबारी हुई। वहीं, कश्मीर घाटी में पर्यटन स्थलों पहलगाम और गुलमर्ग में इस मौसम में पहली बार रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज हुआ।

#IndiaNews #National #CycloneArnab #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 26, 2026, 03:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मौसम का हाल: अर्नब की दस्तक से पहले ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश, 15 राज्यों में अलर्ट; स्कूल-कॉलेज बंद #IndiaNews #National #CycloneArnab #VaranasiLiveNews