कैंसर रोग विशेषज्ञ से ठगी: सेना का अधिकारी बन दिया ऐसा झांसा, समझ न सके डाॅक्टर; ठगों ने हड़पे 75 हजार रुपये

खुद को सैन्य अफसर बताकर साइबर ठग ने शहर के प्रख्यात कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र देव से 75,220 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लॉयर्स कॉलोनी निवासी डॉ. नरेंद्र देव ने पुलिस को बताया कि 24 और 25 जून को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को सेना का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह कुछ कैडेट्स को कैंसर की जांच के लिए उनके क्लीनिक भेजना चाहता है। उसने भरोसा दिलाया कि जांच से पहले सेना की ओर से भुगतान कर दिया जाएगा। डॉक्टर के सहमत होने पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की और उन्हें फोनपे एप खोलने के लिए कहा। इसके बाद विभिन्न प्रक्रियाएं पूरी कराते हुए यह विश्वास दिलाया कि रकम उनके खाते में भेजी जा रही है। इसी दौरान उनके भारतीय स्टेट बैंक के खाते से दो बार ऑनलाइन 39,520 रुपये और 35,700 रुपये कट गए। बैंक से कॉल आने पर उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई, तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत कॉल काट दी। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। कॉल करने वाले के नंबर और खातों की जानकारी की जा रही है।

#CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 27, 2026, 20:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कैंसर रोग विशेषज्ञ से ठगी: सेना का अधिकारी बन दिया ऐसा झांसा, समझ न सके डाॅक्टर; ठगों ने हड़पे 75 हजार रुपये #CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #VaranasiLiveNews