अंबिकापुर: 5जी सिम अपडेट का झांसा देकर साइबर ठगी, गिरोह का पर्दाफाश, देवघर से 6 आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा रेंज साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के देवघर से छह अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 5जी सिम अपडेट और सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करते थे और बैंक खातों से रकम पार कर देते थे। मामले की शुरुआत जशपुर जिले के पत्थलगांव निवासी उमेश खुटे की शिकायत से हुई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि उसके मोबाइल पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करने और 5जी सिम अपडेट प्रक्रिया के बाद उसके खाते से 5 लाख 53 हजार 900 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के बाद सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश पर साइबर रेंज थाना ने जांच शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में गठित टीम ने देवघर में दबिश देकर छह आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक और 51 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह “पीएम आवास योजना”, “पीएम किसान योजना”, “आरटीओ चालान” और “परिवहन” जैसे नामों से एपीके फाइल भेजता था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस आरोपियों तक पहुंच जाता था। इसके बाद वे ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर खातों से रकम निकाल लेते थे। आरोपी ई-सिम एक्टिवेट कर पीड़ितों के मोबाइल नंबर का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले लेते थे और यूपीआई के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से निकालते थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रोजाना देशभर में करीब 2500 लोगों को एपीके फाइल भेजते थे। पुलिस के मुताबिक इसी गिरोह ने पूर्व में कांसाबेल क्षेत्र में भी करीब 29 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। उस मामले में बैंक गार्ड समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मंडल, आर्यन कुमार और नित्यानंद शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

#CityStates #Crime #Ambikapur #CrimeNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 18:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अंबिकापुर: 5जी सिम अपडेट का झांसा देकर साइबर ठगी, गिरोह का पर्दाफाश, देवघर से 6 आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Crime #Ambikapur #CrimeNews #VaranasiLiveNews