Ambikapur: लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, फर्जी स्कीम चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा जिले में आसान लोन और किस्त भरने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक शिक्षिका समेत कई लोगों को फर्जी स्कीम में फंसाकर करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की थी। पुलिस के मुताबिक सरगवां निवासी दिव्या एक्का ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर निर्माण के लिए लोन लेने के दौरान उनका संपर्क अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप के संचालक शिवशंकर दास से हुआ। आरोपी ने खुद को बैंक से लोन दिलाने में मदद करने वाला प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए विशेष योजना का लालच दिया। आरोपी ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि कंपनी द्वारा दिलाए गए लोन का 60 प्रतिशत हिस्सा कंपनी में जमा करना होगा, जबकि शेष राशि लाभार्थी को मिलेगी। साथ ही यह भी कहा गया कि लोन की पूरी मासिक किस्त कंपनी स्वयं जमा करेगी। विश्वास में लेकर आरोपी ने पीड़िता के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज हासिल कर लिए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंकों से पीड़िता के नाम पर 41 लाख रुपये से अधिक का लोन स्वीकृत करा लिया। खाते में रकम आने के बाद आरोपी और उसके साथियों ने विभिन्न खातों में करीब 28 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शुरुआत में कुछ किस्त जमा की गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवशंकर दास ने स्वीकार किया कि क्रेशर व्यवसाय में नुकसान होने के बाद उसने फर्जी स्कीम बनाकर लोगों से रकम जुटाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने नौ अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में अन्य सहयोगियों और लेनदेन की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#CityStates #Crime #Ambikapur #CrimeNews #AmbikapurNews #AmbikapurCrimeNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 18:49 IST
Ambikapur: लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, फर्जी स्कीम चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Crime #Ambikapur #CrimeNews #AmbikapurNews #AmbikapurCrimeNews #VaranasiLiveNews
