Gorakhpur News: झमाझम बारिश से शहर बेहाल, जलभराव से आवागमन प्रभावित

गोरखपुर। कड़ी धूप, उमस से बेहाल लोगों के लिए झमाझम बरसात राहत लेकर आई पर व्यवस्थागत खामियों के चलते नालों के ओवरफ्लो होने, जगह-जगह जलभराव ने सांसत भी बढ़ा दी। बारिश का सिलसिला शनिवार रात से शुरू हुआ और रविवार को भी जारी रहा। कुछ समय के लिए दिन में बारिश रूकी और धूप खिली। इसके बाद फिर मौसम ने करवट ली और झमाझम बरसात शुरू हो गई। चौबीस घंटे में 60.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। शहर के कई चौराहों, सड़कों और मोहल्लों में जलभराव हो गया। नगर निगम के अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेल (यूएफएमसी) की रिपोर्ट के अनुसार आठ नाले हाई रिस्क और 13 नाले मीडियम रिस्क श्रेणी में पहुंच गए। कई स्थानों पर नालों के ओवरफ्लो होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान विरासत गलियारा की मुख्य सड़क पर जलभराव के कारण कई दोपहिया वाहन बंद हो गए, जबकि लिंक गलियों में निचली दुकानों और घरों में पानी घुस गया। महेवा मंडी में कुछ दुकानों में पानी भर गया। इसके साथ ही गीता प्रेस रोड पर भी पानी लगने से परेशानी हुई। रूस्तमपुर इलाके में कई जगह पानी भर गया। वहां अंकित श्रीवास्तव के घर में पानी घुस गया। पानी निकलवाने के लिए वह काफी परेशान रहे और बेतियाहाता पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के जरिये नगर निगम के अधिकारियों को फोन मिलाते रहे। तारामंडल गोपलापुर, बुद्ध विहार पार्ट-ए, भरवलिया, खोखर टोला-रहमतनगर, बशारतपुर हॉटस्पॉट और आवास विकास कॉलोनी सहित आठ स्थानों पर नाले ओवरफ्लो की स्थिति में पहुंच गए। वहीं धर्मशाला बाजार, बरगदवा, रामगढ़ताल इनलेट, पटेल चौक, पादरी बाजार, बड़े काजीपुर, भगवानी चौराहा, असुरन और भाट चौराहा समेत 13 स्थानों पर भी पानी का दबाव काफी बढ़ गया। महादेव झारखंडी, मालवीय नगर, संत झूलेलाल नगर, जटेपुर, अशोक नगर और शक्तिनगर सहित कई वार्डों में दोपहर से ही जलभराव की स्थिति बनी रही। इसके अलावा सेंदुली-बेंदुली, कजाकपुर, रामपुर, डोमवा ढाला, नौसड़, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, नौरंगाबाद, सेमरा नंबर-दो, शाहपुर, प्रोफेसर कॉलोनी, पार्वतीपुरम, साकेतनगर और शिवनगर समेत अनेक इलाकों में भी लोग जलभराव से जूझते रहे। कई स्थानों पर पंपिंग मशीनें देर शाम तक पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो पाने के कारण पानी की निकासी में विलंब हुआ। नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी और अभियंताओं की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था संभालने में जुटी रहीं।चलानी पड़ी पंपिंग मशीन जलभराव को लेकर कई जगहों पर नगर निगम की ओर से पंपिंग मशीन चलानी पड़ी। जिला अस्पताल रोड, बेतियाहाता, गोपालापुर, शिवाला नगर, गणेशपुरम, सिंघड़िया, रानीडीहा, खोराबार, राप्तीनगर फेज-4, रामजानकीनगर और नंदा क्षेत्र में जलभराव के बीच नगर निगम को पंपिंग मशीनों को चलाया गया, जिससे जल निकासी कराई जा सके।बारिश में तत्काल बंद कर दिए कुछ उपकेंद्रबारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। बारिश के कारण शहर के उपकेंद्र तत्काल बंद कर दिए गए। बारिश के बाद पेट्राेलिंग कर उपकेंद्रों से बिजली बहाल की गई। कई जगहों पर छोटे-छोटे फाल्ट भी ठीक किए गए। राप्तीनगर के एसडीओ राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि बारिश के समय फीडर बंद थे। बारिश के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

#CityInDisarrayDueToHeavyDownpour;TrafficDisruptedByWaterlogging. #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 13, 2026, 02:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gorakhpur News: झमाझम बारिश से शहर बेहाल, जलभराव से आवागमन प्रभावित #CityInDisarrayDueToHeavyDownpour;TrafficDisruptedByWaterlogging. #VaranasiLiveNews