MP: फोन पर बात करते-करते थम गईं सांसें, भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया की हार्ट अटैक से मौत; देखें सीसीटीवी वीडियो

छिंदवाड़ा नगर निगम के भाजपा पार्षद एवं भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश डेहरिया (48) का बुधवार रात अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनकी असामयिक मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे कॉलोनी में टहलते हुए मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे एक झटके में सड़क पर गिर पड़े। कुछ ही पलों में उनकी सांसें थम गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार, लोकेश डेहरिया रोज की तरह रात करीब 10 बजे भोजन के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान वे फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे। अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वे सड़क पर गिर पड़े। सीसीटीवी फुटेज में वे अचानक गिरते हुए दिखाई देते हैं। शुरुआती कुछ मिनटों तक लोग उनकी गंभीर स्थिति को समझ नहीं सके। कई राहगीर वहां से गुजरे, लेकिन अधिकांश ने उन्हें नशे की हालत में समझकर अनदेखा कर दिया। कुछ देर बाद कॉलोनी निवासी गौरव चौधरी की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने पास जाकर देखा तो स्थिति गंभीर लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना ने शहर में एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया कि यदि किसी व्यक्ति के अचानक गिरने पर लोग तत्काल मदद के लिए आगे आएं, तो कई बार कीमती जान बचाई जा सकती है। मौत से कुछ घंटे पहले किया था आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट लोकेश डेहरिया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे। निधन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी। उन्होंने एसपी को टैग करते हुए अपनी तस्वीर भी पोस्ट की थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट होगी। ये भी पढ़ें-खुशखबरी: एमपी मेंदेश की सबसे बड़ी जल सुरंग तैयार, बदलेगी विंध्य की तस्वीर; बंजर खेतों में पहुंचेगा नर्मदा जल जनसेवा में हमेशा रहे सक्रिय लोकेश डेहरिया भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष, नगर निगम के पार्षद और मेहरा डेहरिया समाज के अध्यक्ष थे। वे अपने मिलनसार स्वभाव, सहज व्यवहार और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उनकी पहचान एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में थी। हाल ही में 12 जून को सांसद विवेक बंटी साहू ने उनके जन्मदिन पर उनके साथ केक काटकर शुभकामनाएं दी थीं। वहीं, 15 जून को वे भोपाल में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके से भी मिले थे। शोक की लहर लोकेश डेहरिया के निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से छिंदवाड़ा की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र ने एक सक्रिय, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित चेहरा खो दिया।

#CityStates #MadhyaPradesh #Chhindwara #Crime #ChhindwaraNews #BjpCouncilor #LokeshDehariya #HeartAttack #CctvVideo #MadhyaPradeshNew #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 16, 2026, 10:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




MP: फोन पर बात करते-करते थम गईं सांसें, भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया की हार्ट अटैक से मौत; देखें सीसीटीवी वीडियो #CityStates #MadhyaPradesh #Chhindwara #Crime #ChhindwaraNews #BjpCouncilor #LokeshDehariya #HeartAttack #CctvVideo #MadhyaPradeshNew #VaranasiLiveNews