Chamba News: बीच सड़क पर हांफी चंबा-भड़ेला रूट की बस
चंबा तक किराया लेकर सुंड़ला में उतार दीं सवारियां चंबा। पथ परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार को चंबा-भड़ेला रूट पर दौड़ रही निगम की बस भंडार के समीप बीच रास्ते में ही खराब हो गई। बस के अचानक जवाब देने से इसमें सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मजबूरी में यात्रियों को बीच मार्ग सुंडला में उतरना पड़ा और आगे का सफर निजी वाहनों के सहारे पूरा किया। बस में आई तकनीकी खराबी के बाद उन्हें काफी देर तक सड़क किनारे खड़े रहकर वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान बुजुर्ग यात्रियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च कर टैक्सी या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।यात्रियों नीलम कुमारी, संतोष कुमारी, भावना देवी, नारो देवी, किशोरी लाल, पवन कुमार, विपिन कुमार, कर्म सिंह आदि ने कहा कि निगम की ओर से बस को रूट पर भेजने से पहले उसकी तकनीकी जांच में लापरवाही बरती जा रही है। जब उनसे चंबा तक का पूरा किराया लिया गया था तो उन्हें रास्ते में सुंड़ला में ही क्यों उतार दिया गया। सफर अधूरा रहने के बावजूद किराया वापस नहीं किया गया और ऊपर से उन्हें आगे जाने के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ा। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।अड्डा प्रभारी सरदार मोहम्मद ने कहा कि बस में तकनीकी खराबी के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हुई। एक और बस पीछे से आई थी लेकिन तब तक सवारियां निकल चुकी थीं।
#Chamba-BhadelaRouteBusBreaksDownMid-road #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 17:00 IST
Chamba News: बीच सड़क पर हांफी चंबा-भड़ेला रूट की बस #Chamba-BhadelaRouteBusBreaksDownMid-road #VaranasiLiveNews
