Banswara News: बांसवाड़ा में करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार,कई राज्यों में ठगी के मामले दर्ज
नई दिल्ली से आई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने शुक्रवार को बांसवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में वांछित मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश के विभिन्न राज्यों में ठगी के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों की परतें खुलने की उम्मीद है। त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर से गिरफ्तारी CBI को ठगी के मामलों में वांछित आरोपी के बांसवाड़ा में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर रोशनलाल और धनसिंह के नेतृत्व में दो अधिकारियों की टीम बांसवाड़ा पहुंची। स्थानीय पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई की जानकारी देने के बाद टीम ने जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर की धर्मशाला में दबिश दी। यहां धर्मशाला के कमरा नंबर 54 से आरोपी संजीव दीक्षित को गिरफ्तार किया गया। 2016 से था फरार, बैंक फ्रॉड के मामले CBI अधिकारियों के अनुसार संजीव दीक्षित वर्ष 2016 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ वर्ष 2013 और 2014 में बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले दर्ज हुए थे। पहले आरोपी के गुजरात के बड़ोदरा में होने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में मुखबिर से जानकारी मिली कि वह पिछले तीन-चार दिनों से राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में छिपा हुआ है। ये भी पढ़ें:साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का रहस्य गहराया: इंजेक्शन लगाने वाले से हुई पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी मुखबिर की सटीक सूचना पर CBI टीम गुरुवार रात करीब नौ बजे बांसवाड़ा पहुंची। आरोपी त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर की धर्मशाला में ठहरा हुआ था। CBI अधिकारी भी पास के कमरे नंबर 53 में रुके और उस पर नजर बनाए रखी। शुक्रवार सुबह जैसे ही आरोपी मंदिर जाने के लिए बाहर निकला, टीम ने उसे धर दबोचा। फर्जी आईडी, मोबाइल और लैपटॉप बरामद गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से अलग-अलग नामों की फर्जी आईडी, तीन-चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया, जिन्हें CBI टीम ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी पहचान के जरिए अलग-अलग स्थानों पर रहकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता रहा। बताया गया कि करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड संजीव दीक्षित उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का मूल निवासी है। उस पर ठगी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। CBI ने उसे चार करोड़ रुपये की ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। कई नामों से बदलता रहा पहचान जांच में सामने आया है कि आरोपी संजीव दीक्षित अलग-अलग समय पर पंकज भारद्वाज और संजय शर्मा जैसे नामों से भी रह रहा था, जिससे वह लंबे समय तक कानून की पकड़ से बाहर रहा। उसके खिलाफ नई दिल्ली में 7, हरियाणा में 4 और राजस्थान में भी ठगी के मामले दर्ज हैं। CBI अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पत्नी अर्चना को भी हाल ही में ठगी से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल CBI आरोपी से पूछताछ कर रही है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
#CityStates #Crime #Banswara #Rajasthan #BanswaraNews #RajasthanNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 30, 2026, 14:48 IST
Banswara News: बांसवाड़ा में करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार,कई राज्यों में ठगी के मामले दर्ज #CityStates #Crime #Banswara #Rajasthan #BanswaraNews #RajasthanNews #VaranasiLiveNews
