Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार बस डंपर से टकराकर निर्माणाधीन मकान में घुसी, 30 यात्री घायल, 13 की हालत नाजुक
लखीमपुर खीरी के पलिया में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराकर निर्माणाधीन मकान में घुस गई। हादसे में बस में सवार करीब 60 यात्रियों में से 30 लोग घायल हो गए, जिनमें चालक समेत 13 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पलिया के नगला निवासी बस चालक कमलेश बस को तेज रफ्तार से चला रहा था। पलिया पहुंचने से पहले ही मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुरप्रीत सिंह के आवास के पास चालक ने अचानक बस को उल्टी दिशा में मोड़ दिया। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस खंभा तोड़ते हुए डंपर को टक्कर मारकर निर्माणाधीन मकान में घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डंफर की बॉडी अलग हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार, कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी और नायब तहसीलदार अखिलेश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 13 गंभीर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। यात्रियों ने बताया कि चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से बस चला रहा था। उन्होंने कई बार चालक से रफ्तार कम करने को कहा, लेकिन उसने सवारियों की बात को अनसुनी कर दिया और लापरवाही से बस चलाता रहा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों का उपचार जारी है।
#CityStates #LakhimpurKheri #UttarPradesh #RoadAccident #BusAccident #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 14:11 IST
Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार बस डंपर से टकराकर निर्माणाधीन मकान में घुसी, 30 यात्री घायल, 13 की हालत नाजुक #CityStates #LakhimpurKheri #UttarPradesh #RoadAccident #BusAccident #VaranasiLiveNews
