Kangra News: जवाली में लापता युवक का शव खंडहर में मिला, हत्या का आरोप
रैहन/जवाली (कांगड़ा)। क्षेत्र के अंतर्गत पलानथ पंचायत के देहरी पुल के समीप पौंग बांध की भूमि पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान में शुक्रवार को लापता युवक का शव मिला है। मृतक युवक साहिल मनहास (25) पुत्र मलकीत सिंह, निवासी जरोट सात जुलाई से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों ने समुदाय विशेष के लोगों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को साहिल के मोबाइल पर उसके एक दोस्त का फोन आया था। इसके बाद साहिल घर पर यह कहकर निकला कि वह घाड़ जरोट जा रहा है, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। परेशान मां ने रात के समय साहिल को कई बार फोन मिलाया, लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। बुधवार सुबह करीब 10 बजे साहिल का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश तेज कर दी। तलाश के दौरान साहिल का भाई सौरव जब हरसर से वापस जरोट आ रहा था तो उसने देहरी पुल के पास साहिल की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी देखी। बाइक मिलने के बाद भी साहिल का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने आठ जुलाई को जवाली पुलिस थाना में साहिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शुक्रवार सुबह साहिल के पिता मलकीत सिंह ग्रामीणों के साथ पौंग बांध की भूमि पर बने खंडहरों की जांच कर रहे थे, तभी एक खंडहर के भीतर साहिल का शव पड़ा हुआ मिला।घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी वीरी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल और शव के आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी वीरी सिंह ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
#KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 18:39 IST
Kangra News: जवाली में लापता युवक का शव खंडहर में मिला, हत्या का आरोप #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews
