Hisar News: सड़क किनारे मिले बुजुर्ग दंपती के शव, आत्महत्या की आशंका
सिवानी मंडी/बहल । गांव झुंपा के पास नांगल रोड पर बुजुर्ग दंपती के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान गांव नूनसर (बहल) निवासी रोहतास (70) और उनकी पत्नी धनपति (67) के रूप में हुई है। मौके से पानी की बोतल और डिस्पोजल आदि मिले हैं। ऐसे में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह के अनुसार, दंपती के बेटे मंजीत ने बताया कि उनके माता-पिता वीरवार को दोपहर करीब दो बजे कपड़े और दवाइयां लेने की बात कहकर घर से निकले थे। घर से निकलने से पहले रोहतास ने बहल स्थित एक बैंक से अपनी वृद्धावस्था पेंशन भी निकलवाई थी। देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने रोहतास के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया। उनका मोबाइल घर पर ही मिला। परिजनों ने आसपास और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी। बाद में झुंपा पुलिस चौकी से परिजनों को दंपती के शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने आधार कार्ड के आधार पर दोनों की पहचान की। संवाद
#BodiesOfElderlyCoupleFoundByTheRoadsideInJhumpa;SuicideSuspected #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 22, 2026, 00:19 IST
Hisar News: सड़क किनारे मिले बुजुर्ग दंपती के शव, आत्महत्या की आशंका #BodiesOfElderlyCoupleFoundByTheRoadsideInJhumpa;SuicideSuspected #VaranasiLiveNews
