बिहार क्राइम: पत्नी की हत्या के एक हफ्ते बाद मिली पति की लाश, पास मिला सुसाइड नोट
महिसौर थाना क्षेत्र के मूसापुर चंवर से शनिवार शाम एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास पुलिस को एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव निवासी सूरज कुमार सहनी के रूप में हुई। सुसाइड नोट में युवक ने करीब एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की बात लिखी है। साथ ही उसने इसके बाद डिप्रेशन में रहने और अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक का शव देखकर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है। पशु चराने गए लोगों ने चंवर में देखा शव स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार शाम गांव के कुछ लोग अपने मवेशियों को चराने के लिए चंवर की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना महिसौर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव के पास तलाशी ली, जहां से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान की और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सुसाइड नोट में पत्नी की हत्या का जिक्र पुलिस के अनुसार, युवक के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि करीब एक सप्ताह पहले उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से वह इधर-उधर भागता फिर रहा था। नोट में युवक ने लिखा कि इस घटना के बाद वह काफी डिप्रेशन में आ गया था। सुसाइड नोट में युवक ने अपने ससुराल वालों से माफी मांगने की बात भी लिखी है। उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है और आत्महत्या करने की बात कही है। नोट में किसी अन्य व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों और गांव के लोगों से भी घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाई है। अब पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक की पत्नी की हत्या की घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई थी। एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य महिसौर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया ने बताया कि मूसापुर चंवर से एक युवक का शव बरामद किया गया है। उसके पास से हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए ले जाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों की ओर से फिलहाल किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुसाइड नोट में किए गए दावों की भी जांच की जा रही है।
#CityStates #Crime #Bihar #Muzaffarpur #HajipurNews #VaishaliNews #HindiNews #BiharNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 29, 2026, 23:43 IST
बिहार क्राइम: पत्नी की हत्या के एक हफ्ते बाद मिली पति की लाश, पास मिला सुसाइड नोट #CityStates #Crime #Bihar #Muzaffarpur #HajipurNews #VaishaliNews #HindiNews #BiharNews #VaranasiLiveNews
