बिहार: पटना में मोमो कैफे पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 22 किलो सड़ा चिकन मिला, 21 लीटर जला तेल भी नष्ट
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को शहर के कई मोमो प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही, प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद करा दिया गया। वहीं, सिटी सेंटर मॉल स्थित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना में 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट किया गया। इसके अलावा, भोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में अनियमितताएं मिलने पर मोमो का निर्माण और बिक्री बंद करा दी गई। खाद्य संरक्षा टीम ने सबसे पहले कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में काफी गंदगी मिली और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य संरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। टीम ने प्रतिष्ठान में मिले 22 किलो सड़े हुए चिकन को मौके पर नष्ट कर दिया। दुकान में अनुज्ञप्ति की प्रति भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसके अलावा, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। तैयार मांसाहारी खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि भी अंकित नहीं थी। निरीक्षण के दौरान डीप फ्रीजर काफी गंदा मिला और उसमें तापमान भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। प्रतिष्ठान में शेड्यूल-4 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। वहीं, आवश्यक रिपोर्ट भी अद्यतन नहीं मिली। इन अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य संरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की। साथ ही, प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद कराया गया। खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के क्रम में पटना सिटी के भोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में भी कई कमियां सामने आईं। प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। जांच के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। स्वच्छता और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्थिति भी असंतोषजनक थी। इसके अलावा, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही, अनुज्ञप्ति मिलने तक मोमो के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई। पढे़ं;महागठबंधन सरकार ने बनाई थी रूपरेखा लालू का नाम क्यों नहीं जवाब इस खबर में पढ़ें वहीं, पटना के लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना का भी निरीक्षण किया गया। वाउ मोमो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की इस इकाई में जले हुए खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मौके पर 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट किया। निरीक्षण के दौरान इंडो चिली सॉस बेस का नमूना भी लिया गया, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इस प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई के निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और 15वें दिन अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में कमियां दूर करने का प्रमाण नहीं देने पर पहले अनुज्ञप्ति निलंबित और फिर रद्द करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#CityStates #Patna #Bihar #PatnaNews #PatnaUpdates #MomoCafe #RottenChicken #Wow!Momo #FoodDepartment #FoodSafety #PatnaRaids #BiharNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 17, 2026, 20:07 IST
बिहार: पटना में मोमो कैफे पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 22 किलो सड़ा चिकन मिला, 21 लीटर जला तेल भी नष्ट #CityStates #Patna #Bihar #PatnaNews #PatnaUpdates #MomoCafe #RottenChicken #Wow!Momo #FoodDepartment #FoodSafety #PatnaRaids #BiharNews #VaranasiLiveNews
