Bihar: तस्करों पर बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन, चार अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
बिहार के औरंगाबाद जिले की पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने चार अंतरजिला हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गिरफ्तार हथियार तस्करों में उपहारा थाना क्षेत्र के झारी गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह उर्फ बिल्टा, हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुप्पी गांव निवासी गणेश कुमार उर्फ विक्रम, गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली और इश्तेखार आलम शामिल हैं। हथियारों और कारतूस की बड़ी खेप बरामद दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि यह सफलता अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मिली है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अवैध हथियार तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छापेमारी कर तीन लोडेड पिस्टल, दो देशी कार्बाइन, दो कट्टा, एक टूटा हुआ कट्टा, 159 जिंदा कारतूस, सात मैगजीन, तीन बाइक, चार मोबाइल फोन और दो खोखा बरामद किए हैं। खुफिया सूचना के बाद चला अभियान एसडीपीओ ने बताया कि बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिले में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की आपूर्ति की जा रही है। सूचना के आधार पर गोह थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त अभियान चलाया। घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर संयुक्त टीम ने गोह-रफीगंज मुख्य मार्ग पर डिहुरी बाजार के पास घेराबंदी कर तीन बाइक पर सवार चार तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए। प्राणपुर गांव में छापेमारी गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में छापेमारी की गई। वहां एक घर में बिक्री के लिए छिपाकर रखे गए देशी कार्बाइन, कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। साथ ही दो खोखा, चार मोबाइल फोन और तीन बाइक भी जब्त की गईं। कई जिलों में फैला था नेटवर्क पुलिस के अनुसार यह गिरोह बिहार के कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। पूछताछ के दौरान पुलिस को हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस एसडीपीओ ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को गोह थाना पुलिस को सौंप दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनकी संलिप्तता अन्य आपराधिक मामलों में भी रही है या नहीं। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
#CityStates #Crime #Bihar #Gaya #BiharNews #AurangabadNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 17:33 IST
Bihar: तस्करों पर बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन, चार अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद #CityStates #Crime #Bihar #Gaya #BiharNews #AurangabadNews #VaranasiLiveNews
