Ambedkar Nagar News: पीएनबी मेटलाइफ ठगी कांड में अयोध्या का क्षेत्रीय प्रबंधक गिरफ्तार

अंबेडकरनगर। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से संबद्ध मेटलाइफ इंश्योरेंस कंपनी में करोड़ों रुपये की ठगी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस कंपनी अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ कुमार पांडेय को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ठगी की रकम में हिस्सेदारी लेता था और मुख्य आरोपी एजेंट उमेर अहमद के साथ मिलकर पूरे खेल को अंजाम दे रहा था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।एनटीपीसी टांडा परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण के बदले बड़ी संख्या में ग्रामीणों को मुआवजे की धनराशि मिली थी। यह रकम ग्रामीणों के पंजाब नेशनल बैंक शाखा छज्जापुर स्थित खातों में जमा कराई गई थी। इसी दौरान पीएनबी से संबद्ध मेटलाइफ बीमा कंपनी में एजेंट के रूप में कार्यरत उमेर अहमद निवासी पीली कोठी मुबारकपुर टांडा ने ग्रामीणों को आकर्षक बीमा योजनाओं का झांसा दिया।आरोप है कि उमेर अहमद ने ग्रामीणों से पॉलिसी के नाम पर करोड़ों रुपये जमा कराए, लेकिन उन्हें फर्जी दस्तावेज और नकली पॉलिसियां थमा दीं। जब निर्धारित समय बीतने के बाद भी लोगों को पैसा वापस नहीं मिला तो पीड़ितों ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया। इसके बाद करोड़ों रुपये की इस जालसाजी का खुलासा हुआ।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 5 फरवरी को उमेर अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद एक-एक कर कई लोगों की संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ कुमार पांडेय निवासी इकौना देवरिया व हाल पता केशवनगर कॉलोनी अयोध्या भी इस खेल में शामिल था। वर्तमान में इसकी तैनाती भी अयोध्या में है। पुलिस जांच में उमेर अहमद के बैंक खाते से करीब डेढ़ लाख रुपये सौरभ कुमार पांडेय के खाते में ट्रांसफर होने के साक्ष्य मिले। इसके बाद इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी ने सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां कई अहम जानकारियां सामने आईं। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।ग्रामीणों में अब भी नाराजगीठगी के शिकार ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जीवनभर की जमा पूंजी और जमीन का मुआवजा धोखे से हड़प लिया गया। पीड़ित लगातार अपनी रकम वापस दिलाने और पूरे गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सीओ टांडा शुभम कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस संगठित ठगी नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

#UpNews #AmbedkarNagarNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 20:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambedkar Nagar News: पीएनबी मेटलाइफ ठगी कांड में अयोध्या का क्षेत्रीय प्रबंधक गिरफ्तार #UpNews #AmbedkarNagarNews #VaranasiLiveNews