Auraiya: निर्माणाधीन टंकी में मिला कंकाल, पुलिस ने बंदर का बताया
अयाना थाना क्षेत्र के महारतपुर में सोमवार को पानी की निर्माणाधीन टंकी में एक कंकाल पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे लोगों ने मानव कंकाल होने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद कंकाल को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बंदर का कंकाल होने की बात कही है। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गांव महारतपुर निवासी जितेंद्र गांव में जल निगम की ओर से बनाई गई पानी की टंकी में ऑपरेटर है। उसने बताया कि अभी टंकी का पूरी तरह से निर्माण नहीं हो सका, जिसकी वजह से ग्रामीणों को सीधे सप्लाई दी जा रही है। सोमवार दोपहर बाद वह पानी की आपूर्ति के लिए वहां पहुंचा। वहां वॉल्व में समस्या आने पर उसने टंकी पर चढ़ कर जांच की तो उसे टंकी में एक कंकाल पड़ा दिखा। जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने युवक के टंकी में डूब कर मौत हो जाने व शव सड़ जाने की आशंका जताई। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में कंकाल बंदर का लग रहा है। पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया है। कंकाल के डीएनए व पोस्टमॉर्टम से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#CityStates #Auraiya #Kanpur #AuraiyaNews #UpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 19:46 IST
Auraiya: निर्माणाधीन टंकी में मिला कंकाल, पुलिस ने बंदर का बताया #CityStates #Auraiya #Kanpur #AuraiyaNews #UpNews #VaranasiLiveNews
