Mathura: मानसी गंगा में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत, राजस्थान से आया था दर्शन करने, परिजनों में मातम
धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र गिरिराज तलहटी स्थित मानसी गंगा में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्थान के करौली जिले से दर्शन के लिए परिजन के साथ आए 11 वर्षीय बालक की सोमवार को स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद बालक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान बच्चा अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद गोताखोरों को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद मानसी गंगा से बालक का शव बाहर निकाला गया। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ समय में विशेषकर धार्मिक भीड़ और अधिक मास जैसे दिनों में मानसी गंगा में लोगों के डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। बताया जा रहा है कि बीते एक महीने में यह छठी घटना है, जिसने श्रद्धालुओं की जान गई है। लगातार हो रहे हादसों ने स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। न तो गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग है और न ही स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। प्रशिक्षित गोताखोरों की स्थायी तैनाती और आपातकालीन बचाव व्यवस्था भी नहीं है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग तेज हो रही है।
#CityStates #Mathura #MathuraNews #MathuraTodayNews #MansiGangaRiver #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 01:49 IST
Mathura: मानसी गंगा में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत, राजस्थान से आया था दर्शन करने, परिजनों में मातम #CityStates #Mathura #MathuraNews #MathuraTodayNews #MansiGangaRiver #VaranasiLiveNews
