अमर उजाला पड़ताल: लाइसेंस निलंबित, फिर भी अस्पतालों की फार्मेसी में धड़ल्ले से बिक रहीं दवाएं
निजी अस्पतालों की फार्मेसी पर एफएसडीए की कार्रवाई का कोई खौफ नहीं है। विभाग ने नौ अस्पतालों की फार्मेसी के लाइसेंस निलंबित कर दिए, लेकिन दवाओं की बिक्री पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। शनिवार को पड़ताल की गई तो तीन अस्पतालों की फार्मेसी में पहले की तरह दवाएं बिकती मिलीं। ओपीडी मरीजों को डॉक्टर के परचे पर दवाएं दी जा रही थीं और बिल भी थमाए जा रहे थे। जबकि एफएसडीए के नियमों के मुताबिक, लाइसेंस निलंबित होने के बाद इन फार्मेसी में केवल इमरजेंसी मरीजों को ही दवाएं बेची जा सकती हैं। ऐसे में विभाग की कार्रवाई और उसकी निगरानी, दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जावित्री हॉस्पिटल समय : दोपहर 12 बजे एफएसडीए की ओर से लाइसेंस निलंबित किए जाने के बावजूद जावित्री हॉस्पिटल की फार्मेसी में दवाओं की बिक्री जारी रही। ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने आए मरीजों को परचे के आधार पर दवाएं दी गईं। फार्मेसी से दवाएं खरीदने के बाद मरीजों को बिल भी थमाया गया। अस्पताल के संचालक डॉ. ईश त्यागी का कहना है कि एफएसडीए ने लाइसेंस निलंबित करने की सूचना नहीं दी है। मीडिया ने भ्रामक रिपोर्ट प्रसारित की है। फार्मेसी में कोई भी कमी नहीं है। टेंडर पाम हॉस्पिटल समय : दोपहर एक बजे शहीद पथ स्थित टेंडर पाम हॉस्पिटल की फार्मेसी में भी दवाओं की बिक्री बेरोकटोक जारी मिली। यहां भर्ती और ओपीडी मरीजों के तीमारदार दवाएं खरीदने के लिए कतार में खड़े थे। फार्मेसी पर भीड़ जुटी थी और मरीजों को दवाएं दी जा रही थीं। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विनीत शुक्ला का कहना है कि फार्मेसी में जो खामियां थी, उन्हें दूर कर लिया गया है। एफएसडीए ने शाम को निलंबित किए लाइसेंस को बहाल कर दिया है। ग्लोब हॉस्पिटल, निरालानगर समय : शाम चार बजे निरालानगर स्थित ग्लोब हॉस्पिटल की फार्मेसी में भी लाइसेंस निलंबन का कोई असर नहीं दिखा। यहां भी ओपीडी मरीजों को डॉक्टर के परचे पर दवाएं बेची जा रही थीं। फार्मेसी पर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ लगी थी। तीमारदार विनोद ने बताया कि उन्होंने ओपीडी में अपने मरीज को दिखाया था। डॉक्टर ने परचे पर जो दवाएं लिखी थीं, वे सभी अस्पताल की फार्मेसी से मिल गईं।
#CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #UpNews #FsdaLucknow #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 28, 2026, 23:39 IST
अमर उजाला पड़ताल: लाइसेंस निलंबित, फिर भी अस्पतालों की फार्मेसी में धड़ल्ले से बिक रहीं दवाएं #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #UpNews #FsdaLucknow #VaranasiLiveNews
