Bareilly News: लावारिस कुत्तों के नाम पर 27.53 लाख रुपये के फर्जीवाड़े का आरोप

बरेली। नगर निगम में लावारिस कुत्तों के बधियाकरण और उन्हें पकड़ने के नाम पर वित्तीय फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। पार्षद राजेश अग्रवाल ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान एक संस्था को किए गए 27.53 लाख रुपये के भुगतान में अनियमितताओं की शिकायत की है। उन्होंने नगर आयुक्त से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।पार्षद राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि सोसाइटी फॉर ह्यूमन एंड एनिमल वेलफेयर नामक संस्था को यह भुगतान किया गया है। निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 2008 कुत्ते पकड़े जाने का दावा किया गया है। इन कुत्तों पर प्रति कुत्ता लगभग 1371 रुपये खर्च दर्शाया गया है। जबकि निगम द्वारा प्रति कुत्ता 917 रुपये की दर निर्धारित है। इस तरह निर्धारित दर से अधिक भुगतान किया गया है। पार्षद ने कहा कि एक ओर शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक है। बच्चों व बुजुर्गों पर लगातार हमले हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कागजों में बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। पार्षद ने आरोप लगाया कि लेखा और स्वास्थ्य विभाग ने इस खेल को छिपाने के लिए बड़ा पैंतरा बदला। कुत्तों के बधियाकरण के लिए निर्धारित मद में खर्च शून्य दिखाया गया। सारा भुगतान गुमराह करने के लिए सामान के क्रय मद में दर्शाया गया। इसका उद्देश्य सदन में इस पर किसी भी चर्चा से बचना था। संस्था को 6 अप्रैल 2024 से 19 मार्च 2025 के बीच सात अलग-अलग किस्तों में कुल 27,53,445 रुपये का भुगतान किया गया। ये भुगतान एक निश्चित समयांतर पर लगभग समान और तय रकम के रूप में किए गए हैं। यह किसी मिलीभगत और हेराफेरी की ओर इशारा करता है। पार्षद ने इस फर्जीवाड़े में लिप्त अधिकारियों और संबंधित संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बंदर पकड़ने के नाम पर हुए खर्च की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

#AllegationsOfFraudOfRs27.53LakhInTheNameOfStrayDogs #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 26, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: लावारिस कुत्तों के नाम पर 27.53 लाख रुपये के फर्जीवाड़े का आरोप #AllegationsOfFraudOfRs27.53LakhInTheNameOfStrayDogs #VaranasiLiveNews