Basti News: आतिशबाजी से जहरीली हुई हवा...गुणवत्ता सूचकांक 165 पर
बस्ती। शहर की हवा लगातार बिगड़ रही है। मंगलवार को 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 140 से 165 पर पहुंच गया। जबकि सामान्य दिनों में एक्यूआई 80 से 100 के बीच रहता है। सुबह शहर के ऊपर तैरती धुंध और धुएं की मोटी परत ने लोगों को सांस लेने तक में मुश्किलें पैदा कर दी। जानकार बता रहे हैं कि दिवाली में अंधाधुंध आतिशबाजी के चलते हवा जहरीली हुई है।कई मोहल्लों में तो सड़क की दूसरी तरफ खड़ा शख्स भी धुंधला नजर आ रहा था। विशेषज्ञों का अंदेशा सच साबित हुआ तो अगले 24-48 घंटे में शहर बहुत खराब हवा की श्रेणी में प्रवेश कर सकता है। शहर के पिकौरा दत्तूराय निवासी शिवांगी बताती हैं, सुबह गेट खोलते ही धुएं की बदबू आती है, बच्चों को खांसी आने लगी है। डॉक्टर ने सुबह का खेलना-भागना बंद करा दिया है। उधर, कार चालक मोनू का कहना है कि शाम छह बजे के बाद धुएं से आंखों में चुभन हो रहा है। ई-रिक्शा चालक बालकेश ने कहा कि इतनी जलन हो रही कि आंखें आधी बंद करके वाहन चलाना पड़ता है। भीड़ में रिक्शा चलाना खतरनाक हो गया है।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, हवा की गति 2 से 3 किमी प्रति घंटा है। नमी 80 प्रतिशत के आसपास है। ऐसे में प्रदूषक ऊपर नहीं उठ पा रहे, वे जमीन के पास ही चिपक जा रहे हैं। यह क्लासिक स्मॉग की स्थिति है। इसकी एक लेयर बन गई है। दो दिन तेज हवा नहीं चली तो एक्यूआई और बढ़ सकता है। आतिशबाजी होने से बारूद के कण हवा में मिले हुए हैं।सुबह की सैर पर ब्रेक, पार्कों में सन्नाटाअमहट और उद्यान पार्क में टहलने आने वाले लोग अब देर से घरों से निकलते हैं। अनिल कुमार बताते हैं कि इतना भारी धुआं है कि 15 मिनट चलने पर ही सीने में जकड़न होने लगती है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रामजी सोनी बताते हैं कि बीते तीन दिनों में खांसी, गले में खराश और सांस फूलने के मरीजों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। प्रदूषण के कण सीधे फेफड़ों में जाकर सूजन पैदा करते हैं। बुजुर्ग, बच्चे और दमा के मरीज विशेष खतरे में हैं। पटाखा फोड़ने की वजह से यह समस्या बढ़ी है। इसमें घरों के भीतर लोग ज्यादा सुरक्षित रहेंगे। आजकल दिन निकलने के बाद ही खुले में टहलना सेहतमंद होगा।
#BastiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 11, 2026, 02:23 IST
Basti News: आतिशबाजी से जहरीली हुई हवा...गुणवत्ता सूचकांक 165 पर #BastiNews #VaranasiLiveNews
