Basti News: मेडिकल जांच के बाद किशोर माता-पिता को सुपुर्द

बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय की महिला शिक्षक के साथ लापता 11वीं के छात्र को मेडिकल जांच के बाद अस्थायी रूप से माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने माता-पिता से लिखित सहमति लेकर यह व्यवस्था की है। बुधवार को न्याय पीठ में दोबारा सुनवाई के बाद किशोर को नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।पुलिस के अनुसार, रविवार को विद्यालय प्रबंधक का 15 वर्षीय बेटा 26 वर्षीय अविवाहित महिला शिक्षक के साथ लापता हो गया था। महिला उसी विद्यालय में नर्सरी कक्षा में पढ़ाती है। बताया जा रहा है कि विद्यालय में आने-जाने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। किशोर के लापता होने की जानकारी पर पिता ने कप्तानगंज थाने में महिला शिक्षक के खिलाफ बहला-फुसलाकर बेटे को ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव की टीम ने तलाश शुरू की। सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन लखनऊ में मिली। पुलिस ने रविवार देर रात दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद किशोर को न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया था। मंगलवार को विधिक प्रक्रिया के तहत उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट मिलने के बाद किशोर को दोबारा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां सुनवाई के बाद उसे फिलहाल माता-पिता के साथ भेजने का निर्णय लिया गया। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बताया कि विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। फिलहाल उसे माता-पिता के पास अस्थायी रूप से भेजा गया है। बुधवार को न्याय पीठ में सुनवाई के बाद आगे की सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

#BastiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 25, 2026, 02:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Basti news



Basti News: मेडिकल जांच के बाद किशोर माता-पिता को सुपुर्द #BastiNews #VaranasiLiveNews