Bihar: पूर्णिया में आप जिलाध्यक्ष और युवा अध्यक्ष गिरफ्तार, महिला सिपाही से हाथापाई करने का लगा आरोप
पूर्णिया जिले में आम आदमी पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी से सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। पुलिस ने आप के जिलाध्यक्ष विकास झा और युवा जिलाध्यक्ष इरशाद पुनर्वी को सरकारी कार्य में बाधा डालने, महिला पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी घटना शहर के व्यस्ततम इलाके लाइन बाजार स्थित ट्रैफिक पोस्ट के पास हुई। यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, युवा जिलाध्यक्ष इरशाद पुनर्वी ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी थी, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। जब वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाड़ी हटाने को कहा, तो वे उग्र हो गए और यातायात थानाध्यक्ष का नंबर मांगने लगे। पुलिस का दावा है कि इरशाद ने धमकी देते हुए कहा कि नंबर दो, नहीं तो अभी रोड जाम कर देंगे। विवाद के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही के साथ हाथापाई की और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद करीब सौ से अधिक समर्थकों को बुलाकर सड़क जाम कर दिया गया। स्थिति बिगड़ते देख वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और इरशाद को हिरासत में लिया। बाद में उनके समर्थन में पहुंचे जिलाध्यक्ष विकास झा को भी हंगामा करने और पुलिस कार्य में हस्तक्षेप करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, दूसरी ओर गिरफ्तार युवा जिलाध्यक्ष इरशाद पुनर्वी ने पुलिसिया कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी लाइन बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। नर्स ने आपातकालीन स्थिति में दवा मंगवाई थी, लेकिन भीषण जाम के कारण मैं एक घंटे से फंसा हुआ था। जब मैंने मदद के लिए पुलिस से थानाध्यक्ष का नंबर मांगा, तो वे बदतमीजी पर उतारू हो गए। पढ़ें:हाजीपुर होटल छापेमारी, पंचायत शिक्षक गिरफ्तार, डीएम के आदेश पर निलंबित; जानें क्या है पूरा मामला वहीं जिलाध्यक्ष विकास झा केवल मामले की जानकारी लेने और डीएसपी से बात करने यातायात थाना पहुंचे थे, जहां पुलिस ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में केहाट थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सिपाही से मारपीट और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालना गंभीर अपराध है। पुलिस ने दोनों नेताओं को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
#CityStates #Crime #Bihar #Purnea #PurniaNews #PurniaHindiNews #PurniaLatestNews #PurniaViralNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 20:42 IST
Bihar: पूर्णिया में आप जिलाध्यक्ष और युवा अध्यक्ष गिरफ्तार, महिला सिपाही से हाथापाई करने का लगा आरोप #CityStates #Crime #Bihar #Purnea #PurniaNews #PurniaHindiNews #PurniaLatestNews #PurniaViralNews #VaranasiLiveNews
