एमपी: गुना में एसडीओ की सरकारी गाड़ी से टकराकर बाइक सवार की मौत, पोस्टमार्टम पर अड़े परिजन; बिना कराए ले गए शव
गुना जिले में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे के बाद जिला अस्पताल में करीब एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। जल संसाधन विभाग के एसडीओ की सरकारी गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की जान चली गई। परिजनों का सवाल था कि जब उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, तो शव को इलाज के नाम पर गुना क्यों लाया गया। पोस्टमार्टम कराने को लेकर अधिकारियों और परिजनों के बीच सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार परिवार शव को अपने साथ ले गया। जन विश्वास कार्यक्रम में जा रहे थे एसडीओ जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जन विश्वास कार्यक्रम के तहत मार की मऊ में सरकारी शिविर आयोजित किया गया था। जल संसाधन विभाग के एसडीओ मुकेश जैन सरकारी वाहन से इसी शिविर में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नगदा गांव के पास उनकी गाड़ी की बाइक सवार राजेश सिंह पटेलिया से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके टुकड़े सड़क पर दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मार की मऊ अस्पताल में मृत घोषित किया हादसे के बाद राजेश सिंह पटेलिया को मार की मऊ अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी शव को पोस्टमार्टम के लिए गुना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। जब अधिकारियों ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही तो परिजनों ने इसका विरोध किया। परिजनों का सवाल था कि जब राजेश सिंह पटेलिया की मौत मौके पर ही हो गई थी, तो उन्हें इलाज के नाम पर गुना क्यों लाया गया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों से इस बारे में सवाल-जवाब किए। एक घंटे तक अस्पताल में चली बहस पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब एक घंटे तक बहस चलती रही। इस दौरान जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे शव को सीधे गांव ले जाकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर गए परिजन करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद परिजन शव को निजी वाहन में रखकर अपने साथ ले गए। शव बिना पोस्टमार्टम कराए ले जाया गया। इस दौरान परिजनों ने मीडिया से बात करने से भी इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम के बिना शव ले जाने की प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
#CityStates #Guna #MadhyaPradesh #GunaNews #MadhyaPradeshNews #MpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 28, 2026, 07:49 IST
एमपी: गुना में एसडीओ की सरकारी गाड़ी से टकराकर बाइक सवार की मौत, पोस्टमार्टम पर अड़े परिजन; बिना कराए ले गए शव #CityStates #Guna #MadhyaPradesh #GunaNews #MadhyaPradeshNews #MpNews #VaranasiLiveNews
