Panipat News: कनेक्शन खोलने के लिए 30 फीट सीवर के गड्ढे में उतरे हैचरी मैनेजर और श्रमिक की गैस चढ़ने पर डूबने से मौत
पानीपत। हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के जीजा व जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी के दो युवकों की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान हैचरी के मैनेजर अजय (26) और श्रमिक अंकित (21) के रूप में हुई है। घटना सोमवार की रात 10 बजे के करीब घटी। हैचरी में दूषित पानी ओवरफ्लो होने पर दोनों सीवर का कनेक्शन खोलने के लिए करीब 30 फुट गहरे मैनहोल में नीचे उतरे थे। यहां मैनहोल में गैस के प्रभाव से उनका दम घुट गया और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। बचाव के लिए आई दमकल विभाग की टीम का ऑक्सीजन सिलिंडर बीच में ही खत्म हो गया। यमुना एक्शन प्लान की मरम्मत कार्य कर रही कंपनी का सिलिंडर लेकर बचाव कार्य किया। दमकल विभाग की टीम ने रात को करीब तीन घंटे चले अभियान के बाद दोनों को बाहर निकाला। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने बीएनएस की 194 धारा में कार्रवाई की है। बिहार के बेगूसराय जिले के रूपनगर गांव के अंकुर ने बताया कि उनके बड़े भाई अंकित ढाई साल से चौटाला रोड स्थित जजपा के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान और जसपाल की कर्ण देव हैचरी में मुर्गियों को दाना डालते थे। जींद के गांगोली गांव के अजय मैनेजर थे। हैचरी के पानी निकासी का कनेक्शन यमुना एक्शन प्लान की सीवर लाइन से जुड़ा हुआ है। नगर निगम सीवर की मरम्मत का कार्य करा रहा है। इसके चलते हैचरी की लाइन बंद कर दी थी। ऐसे में हैचरी में पानी ओवरफ्लो हो गया था। अंकित और अजय सोमवार रात करीब 10 बजे चौटाला रोड स्थित यमुना एक्शन प्लान की सीवर लाइन पर पहुंचे। अजय कनेक्शन खोलने के लिए करीब 30 फीट गहरे मैनहोल में उतर गए। उनके पीछे अंकित भी चला गया। उन्होंने कनेक्शन खोलना शुरू किया तो उनको गैस चढ़ गई। दोनों ने सीवर से निकलने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। इसकी सूचना हैचरी मालिक देवेंद्र कादियान और जसपाल को दी। दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। दमकल विभाग की टीम ने दोनों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया। दोनों को करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 12 बजे बाहर निकाला गया। दोनों को जीटी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को शवगृह में रखवा दिया। परिजनों ने किसी पर कोई कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। दमकल विभाग का सिलिंडर बीच में हुआ खत्म दमकलकर्मी कर्मवीर सिलिंडर किट पहनकर मैनहोल में उतरे और पहले अंकित को बाहर निकाला। वह अजय को निकालने के लिए उतरने लगे तो सिलिंडर की गैस खत्म हो गई। इसके बाद सीवर लाइन मरम्मत का काम कर रहे श्रमिकों की मदद से अजय को भी बाहर निकाला गया। परिजनों का आरोप बिना उपकरण सीवर में उताराअजय के भाई सुधीर ने बताया कि वह दो भाई थे। अजय उनके बड़े भाई और डेढ़ साल से हैचरी में काम कर रहे थे। रात को करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली थी। जिसके बाद वह रात को ही मौके पर पहुंच गए थे। वहीं, अंकित के भाई अंकुर ने बताया कि उनका परिवार हैचरी में ही रहता है। परिजनों का कहना है कि बिना सुरक्षा उपकरण दिए उन्हें गहरे पानी मे उतारा गया। जिस कारण यह हादसा हुआ।परिवार की करेंगे हर संभव मदद देवेंद्र कादियान ने बताया कि उनका कनेक्शन वैध था। किसी ने कनेक्शन बंद कर दिया था। अधिकारियों ने इस बारे में कई बार अवगत कराया गया। इसे ठीक नहीं किया गया। सोमवार को हैचरी के कर्मचारी खुद ही ब्लॉक खोलने के लिए मैनहोल में उतरे थे। उनको पहले इसकी कोई जानकारी भी नहीं थी। वे दोनों के आश्रित परिवार की हरसंभव मदद करेंगे।यमुना एक्शन प्लान के सीवर का मरम्मत कार्य एक एजेंसी को दिया गया है। दो लोगों की सीवर में डूबने से मौत की सूचना पर एजेंसी अधिकारी से बात की थी। एजेंसी ने उनके किसी कर्मी की मौत न होने की लिखकर दी है। दोनों प्राइवेट व्यक्ति थे। इसमें किसी प्रकार की कोई शिकायत मिलती है तो उस पर भी कार्रवाई कराई जाएगी। -सुमित नांदल, एक्सईएन नगर निगम।सीवर लाइन के मैनहोल में डूबने से हैचरी के मैनेजर और श्रमिक की मौत हुई है। परिजनों ने किसी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इसमें कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-सुभाष, प्रभारी थाना सेक्टर-29।
#AHatcheryManagerAndAWorkerWhoWentDownA30-footSewerPitToOpenAConnectionDiedAfterInhalingGas. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 06, 2026, 03:05 IST
Panipat News: कनेक्शन खोलने के लिए 30 फीट सीवर के गड्ढे में उतरे हैचरी मैनेजर और श्रमिक की गैस चढ़ने पर डूबने से मौत #AHatcheryManagerAndAWorkerWhoWentDownA30-footSewerPitToOpenAConnectionDiedAfterInhalingGas. #VaranasiLiveNews
