MP: दिनदहाड़े स्कूल से चार साल के मासूम बच्चे का अपहरण, छुट्टी के बाद स्कूटी सवार दो युवक उठाकर ले गए
मध्य प्रदेश के मुरैना में मंगलवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल से चार साल के मासूम बच्चे के अपहरण की वारदात सामने आई है। स्कूल की छुट्टी होते ही स्कूटी पर सवार दो युवक बच्चे को गोद में उठाकर अपने साथ ले गए। पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी, गोपालपुरा स्थित रेन बो स्कूल की है। अपहृत बच्चे की पहचान कार्तिकेय राजपूत (4) के रूप में हुई है, जो प्ले ग्रुप का छात्र है। जानकारी के अनुसार, कार्तिकेय अपनी मां ईशू यादव के साथ अपने ननिहाल में रहता है। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता अलग-अलग रहते हैं। मंगलवार को रोज की तरह बच्चा स्कूल गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूल की छुट्टी से कुछ समय पहले स्कूटी पर सवार दो युवक स्कूल के बाहर पहुंचे और छुट्टी होते ही उनमें से एक युवक बच्चे को गोद में उठाकर स्कूटी तक ले गया। इसके बाद दोनों आरोपी मासूम को लेकर मौके से फरार हो गए। स्कूल प्रबंधन और बच्चे के परिजनों में हड़कंप घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और बच्चे के परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही हैं। ये भी पढ़ें-Ujjain: बाबा श्री महाकाल का चंद्रमा व बिंदियों से हुआ विशेष श्रृंगार, भस्म आरती पर भक्तों को दिए दिव्य दर्शन तलाश जारी फिलहाल अपहरण के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे को सुरक्षित बरामद करना पहली प्राथमिकता है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े स्कूल से मासूम का अपहरण होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि परिजन बच्चे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
#CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Morena #InnocentChild'sNeighbor #PrivateSchool #RainbowSchool #Noida #Kota #ScooterRider #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 19:32 IST
MP: दिनदहाड़े स्कूल से चार साल के मासूम बच्चे का अपहरण, छुट्टी के बाद स्कूटी सवार दो युवक उठाकर ले गए #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Morena #InnocentChild'sNeighbor #PrivateSchool #RainbowSchool #Noida #Kota #ScooterRider #VaranasiLiveNews
