Ujjain News: निर्माण स्थल के पास खेल रही तीन साल की मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, दर्दनाक मौत; चालक फरार

उज्जैन से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। महाकाल थाना क्षेत्र के ग्राम गोंसा में गुरुवार शाम निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। निर्माण स्थल पर खेल रही महज 3 वर्षीय मासूम वंशिका को एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धार जिले के ग्राम सेबरीमाल भड़लिया निवासी प्यारेसिंह अपनी पत्नी और परिवार के साथ रोजी-रोटी की तलाश में उज्जैन के ग्राम गोंसा आए थे। यहां एक निजी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां प्यारेसिंह और उनकी पत्नी मजदूरी करते हैं। पिछला पहिया मासूम केऊपर से गुजर गया गुरुवार शाम दंपती निर्माण कार्य में व्यस्त थे, जबकि उनकी तीनवर्षीय बेटी वंशिका पास ही मिट्टी के ढेर के निकट खेल रही थी। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर मिट्टी और गिट्टी ढोने में लगे ट्रैक्टर चालक ने बिना पीछे देखे तेज गति से वाहन रिवर्स किया। उस समय वंशिका ट्रैक्टर के पिछले हिस्से के पास खेल रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। वंशिका की चीख सुनकर माता-पिता और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। बच्ची खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी और बेहोश हो चुकी थी। हादसे के तुरंत बाद परिजन और मौके पर मौजूद लोग उसे गोद में उठाकर निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर और सीने में गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण बच्ची की मौत हुई। मां का रो-रोकर बुरा हाल मासूम की मौत की खबर सुनते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता प्यारेसिंह भी गहरे सदमे में हैं। उन्होंने बताया, "हम यहां दो महीने से काम कर रहे हैं। वंशिका दिनभर हमारे आसपास ही खेलती रहती थी। कभी सोचा नहीं था कि मजदूरी करने आएंगे और बेटी की लाश लेकर लौटेंगे।" ट्रैक्टर चालक मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मृतका के पिता प्यारेसिंह की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज किया गया है। ये भी पढ़ें-Ujjain News: जटाधारी के स्वरूप में नजर आए बाबा श्री महाकाल, खुला तीसरा नेत्र; मखाने की माला पहनकर दिए दर्शन उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर मालिक की पहचान कर ली गई है। चालक की पहचान के लिए निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूरों और ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुबह हुआ पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में वंशिका के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने गृह ग्राम धार रवाना हो गए, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।

#CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #TractorAccident #InnocentDeath #MahakalPoliceStation #ConstructionSiteAccident #RoadAccident #MadhyaPradeshNews #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 29, 2026, 16:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ujjain News: निर्माण स्थल के पास खेल रही तीन साल की मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, दर्दनाक मौत; चालक फरार #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #TractorAccident #InnocentDeath #MahakalPoliceStation #ConstructionSiteAccident #RoadAccident #MadhyaPradeshNews #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews