YouTube New Update: अब खुद तय करें Shorts की टाइम लिमिट, '0 मिनट' सेट करते ही फीड से होंगे गायब
अगर आप भी YouTube खोलते हैं और Shorts देखते-देखते अपना कीमती समय कब बर्बाद कर देते हैं, आपको पता ही नहीं चलता तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। YouTube ने अपने यूजर्स को एक ऐसा कंट्रोल दे दिया है, जिससे आप अपने होम स्क्रीन से Shorts को पूरी तरह से गायब कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि यह नया फीचर क्या है, यह कैसे काम करता है और आप इसे कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं। क्या है यह नया अपडेट दरअसल, YouTube ने अपने 'शॉर्ट्स टाइमर' फीचर को अपडेट करते हुए इसमें एक बड़ा बदलाव किया है। पिछले साल अक्तूबर में जब यह फीचर आया था तब आप शॉर्ट्स देखने की कम से कम लिमिट 15 मिनट ही सेट कर सकते थे, लेकिन अब कंपनी ने इसमें 'जीरो' मिनट का नया विकल्प भी जोड़ दिया है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि अगर आप इस लिमिट को जीरो पर सेट कर देते हैं तो शॉर्ट्स आपके होम स्क्रीन से पूरी तरह से गायब हो जाएंगे। इसके अलावा, अगर आप 15 या 30 मिनट जैसी कोई समय सीमा तय करते हैं और शॉर्ट्स देखते हुए वह समय पूरा हो जाता है तो टैब में वीडियो दिखना तुरंत बंद हो जाएंगे। इसके बाद आपकी स्क्रीन पर "आपने अपनी शॉर्ट्स लिमिट पूरी कर ली है" का अलर्ट आएगा। इस नए अपडेट की सबसे खास बात यह है कि अब आप इस नोटिफिकेशन को स्क्रीन से हटा नहीं सकेंगे, जो असल में आपको शॉर्ट्स की लत से बचाने में मदद करेगा। अपने फोन में कैसे सेट करें Shorts की लिमिट अगर आप भी इस फीचर का इस्तेमाल करके शॉर्ट्स की लत से बचना चाहते हैं तो इसे अपने फोन में सेट करना बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले अपने फोन में YouTube एप खोलें और अपनी प्रोफाइल पर टैप करके 'सेटिंग्स' में जाएं। सेटिंग्स के अंदर आपको 'टाइम मैनेजमेंट' का विकल्प मिलेगा, जिस पर आपको क्लिक करना है। इसके बाद 'Shorts feed limit' वाले विकल्प को चालू कर दें। अब आप यहां अपने हिसाब से समय चुन सकते हैं और अगर आप शॉर्ट्स को अपने होम स्क्रीन से पूरी तरह से हटाना चाहते हैं तो इस लिमिट को सीधे '0' पर सेट कर दें। हालांकि, ध्यान रहे कि यह नया फीचर फिलहाल सिर्फ मोबाइल एप के लिए ही जारी किया गया है। कंप्यूटर या वेब ब्राउजर पर YouTube का इस्तेमाल करने वालों के लिए यह सुविधा अभी उपलब्ध नहीं है। आखिर YouTube ने अचानक क्यों उठाया ये कदम यह फीचर ऐसे समय में आया है जब हाल ही में अमेरिका की एक अदालत ने YouTube और Meta को दोषी ठहराते हुए उन पर जुर्माना लगाया है। इन कंपनियों पर आरोप था कि इन्होंने अपने प्लेटफॉर्म का डिजाइन जानबूझकर ऐसा बनाया है, जिससे बच्चों और युवाओं को इसकी लत लग जाए। 'इनफिनिट स्क्रॉल' जैसे फीचर्स को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया था। इसी विवाद के बाद, YouTube ने यूजर्स को यह कंट्रोल देने का फैसला किया है ताकि लोग खुद को इस लत से बचा सकें। अन्य एप्स का क्या हाल है Instagram और TikTok जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी स्क्रीन टाइम लिमिट सेट करने के ऐसे ही फीचर पहले से मौजूद हैं।
#MobileApps #National #Youtube #Shorts #TechNews #SocialMedia #ScreenTime #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 16, 2026, 15:53 IST
YouTube New Update: अब खुद तय करें Shorts की टाइम लिमिट, '0 मिनट' सेट करते ही फीड से होंगे गायब #MobileApps #National #Youtube #Shorts #TechNews #SocialMedia #ScreenTime #VaranasiLiveNews
