कार के बंपर पर लगे नकली साइलेंसर का सच: स्पोर्टी लुक से लेकर सुरक्षा तक, जानें इसके पीछे के तीन सबसे बड़े कारण

अक्सर कई कारों के पीछे बंपर पर चमकदार क्रोम वाले एग्जॉस्ट टिप्स दिखाई देते हैं। पहली नजर में तो इसे देखकर ऐसा लगता है कि जैसे कार में दो साइलेंसर या दो एग्जॉस्ट पाइप लगे हैं। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। कई मॉडर्न कारों में बंपर पर दिखने वाले ये टिप्स असली एग्जॉस्ट पाइप से जुड़े ही नहीं होते। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से कार को स्पोर्टी और प्रीमियम लुक देने के लिए किया जाता है। इसके पीछे डिजाइन के साथ-साथ गर्मी और लागत से जुड़े कारण भी हैं। 1. कार को स्पोर्टी लुक देने के लिए असली एग्जॉस्ट पाइप कहां से निकलेगा, यह कार के इंजन, फ्यूल टैंक, सस्पेंशन और बॉडी स्ट्रक्चर जैसी चीजों पर निर्भर करता है। इसलिए डिजाइनर हमेशा असली एग्जॉस्ट को ऐसी जगह नहीं रख सकते हैं, जहां वह बंपर पर सबसे अच्छा दिखाई दे। ऐसे में कार के पिछले हिस्से को ज्यादा आकर्षक और स्पोर्टी दिखाने के लिए बंपर में नकली एग्जॉस्ट टिप्स लगाए जाते हैं। इससे असली एग्जॉस्ट पाइप की पोजीशन बदले बिना कार का रियर डिजाइन ज्यादा प्रीमियम दिखाई देता है। 2. गर्मी से बंपर को बचाने का कारण देखिए एग्जॉस्ट से निकलने वाली गैस काफी गर्म होती है। अगर असली मेटल पाइप को सीधे प्लास्टिक बंपर के बहुत करीब लाया जाए तो ज्यादा गर्मी की वजह से बंपर को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ परिस्थितियों में अत्यधिक गर्मी सुरक्षा जोखिम भी पैदा कर सकती है। इसलिए असली एग्जॉस्ट पाइप को अक्सर बंपर से सुरक्षित दूरी पर नीचे की तरफ रखा जाता है। वहीं, बंपर पर अलग से एग्जॉस्ट टिप लगाकर कार को वैसा ही स्पोर्टी लुक दिया जा सकता है, बिना गर्म एग्जॉस्ट पाइप को बंपर के करीब लाए। 3. मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट भी होती है कम अगर असली एग्जॉस्ट पाइप को सिर्फ डिजाइन के हिसाब से बंपर तक लाना हो तो इसके लिए पाइप का अतिरिक्त रूट और उससे जुड़े दूसरे बदलाव करने पड़ सकते हैं। इससे डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग दोनों जटिल हो सकते हैं। इसके मुकाबले बंपर पर नकली एग्जॉस्ट टिप लगाना आसान और कम खर्चीला विकल्प हो सकता है। यानी एक छोटा-सा डिजाइन एलिमेंट कार के लुक को बेहतर करने के साथ निर्माण लागत को नियंत्रित रखने में भी मदद कर सकता है। क्या एग्जॉस्ट टिप से कार की आवाज बदलती है असली एग्जॉस्ट सिस्टम के आखिरी हिस्से यानी टिप का डिजाइन आवाज के टोन पर कुछ असर डाल सकता है। लंबी और चौड़ी टिप से आवाज का टोन थोड़ा भारी या बेस वाला महसूस हो सकता है। वहीं नीचे की ओर मुड़ी हुई टिप से एग्जॉस्ट की आवाज सड़क से टकराकर अलग तरह से सुनाई दे सकती है। हालांकि सिर्फ एग्जॉस्ट टिप बदलने से कार की आवाज का वॉल्यूम बहुत ज्यादा बढ़ना जरूरी नहीं है। इसका असर मुख्य रूप से आवाज के टोन और साउंड क्वालिटी पर होता है। नकली एग्जॉस्ट टिप का आवाज पर क्या असर होता है अगर बंपर पर लगा एग्जॉस्ट टिप असली एग्जॉस्ट सिस्टम से जुड़ा ही नहीं है, तो उसका कार की आवाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ऐसे टिप्स सिर्फ लुक के लिए लगाए जाते हैं। असली आवाज इंजन, एग्जॉस्ट सिस्टम, साइलेंसर और वास्तविक एग्जॉस्ट पाइप की डिजाइन पर निर्भर करती है। तो अगली बार जब भी कार के पीछे चमकते एग्जॉस्ट को देखें, तो समझ जाइए कि बंपर पर दो क्रोम एग्जॉस्ट टिप दिखाई देने का मतलब यह नहीं कि कार में दो असली एग्जॉस्ट पाइप भी हैं। कई बार यह सिर्फ डिजाइन का हिस्सा होता है, जिसे स्पोर्टी लुक, गर्मी से सुरक्षा और लागत को ध्यान में रखकर इस्तेमाल किया जाता है।

#Automobiles #National #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 30, 2026, 10:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Automobiles National



कार के बंपर पर लगे नकली साइलेंसर का सच: स्पोर्टी लुक से लेकर सुरक्षा तक, जानें इसके पीछे के तीन सबसे बड़े कारण #Automobiles #National #VaranasiLiveNews