भोपाल में आज कहां से निकलें, कहां रहेगा रास्ता बंद?: दुर्गा विसर्जन से रातभर बदला रहेगा ट्रैफिक,कई रूट डायवर्ट
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और झांकियों के चल समारोह को देखते हुए बुधवार को राजधानी की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। पुराने शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों से लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों तक वाहन चालकों को बदले हुए रास्तों से गुजरना होगा। सुबह से विसर्जन स्थलों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है, जबकि शाम होते ही चल समारोह के कारण कई प्रमुख रास्तों पर आवाजाही रोक दी जाएगी। सुबह 9 बजे से प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ और हथाईखेड़ा डैम पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। रात 8 बजे से शहर में झांकियों के चल समारोह शुरू होंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक रोक रहेगी। इस दौरान ट्रक और बसों सहित भारी वाहनों को खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला, पटेल नगर, 17 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोद, भानपुर और रत्नागिरी की ओर से शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को परिवर्तित मार्गों से आवाजाही करनी होगी। पुराने शहर में शाम 5 बजे से रास्ते बंद चल समारोह के चलते पुराने शहर में शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच यातायात प्रभावित रहेगा। इस क्षेत्र में सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भारत टॉकीज से अल्पना तिराहा और नादरा बस स्टैंड से भोपाल टॉकीज की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की तरफ जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। प्रतिमाओं और झांकियों के नादरा बस स्टैंड से भारत टॉकीज के बीच पहुंचने पर सपना लॉज तिराहा, अल्पना तिराहा और भोपाल टॉकीज से नादरा बस स्टैंड की ओर यातायात रोका जाएगा। पीरगेट, रेतघाट और कमला पार्क की ओर भी प्रतिबंध चल समारोह का अगला हिस्सा मंगलवारा पहुंचने पर सेंट्रल लाइब्रेरी, छावनी रोड और बुधवारा से इतवारा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जुलूस के जुमेराती पहुंचने पर रॉयल टॉकीज मार्केट से पीरगेट और रानी भवानी चौक चौराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित किया जाएगा। झांकियों के रेतघाट पहुंचने पर करबला से रेतघाट और पॉलीटेक्निक चौराहे से कमला पार्क की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। तलैया से बुधवारा की ओर भी यातायात रोका जाएगा। इस दौरान वाहन रॉयल मार्केट, शाहजहानाबाद थाना, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड और नादरा की ओर से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर सकेंगे। चल समारोह के दौरान भदभदा से सिटी डिपो चौराहे की ओर भी यातायात बंद रहेगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल भारत टॉकीज चौराहे पर चल समारोह के दौरान यातायात बंद रहने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे। वाहन अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज, मैदा मिल और एमपी नगर के रास्ते आ-जा सकेंगे। बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन प्रभात चौराहे से होकर निकलेंगे। चल समारोह के तलैया की ओर पहुंचने पर पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज, तीन मोहल्ला और भोपाल टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और प्रभात चौराहे का रास्ता अपना सकेंगे। अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहनों के लिए संगम टॉकीज तिराहा रोड और अग्रवाल धर्मशाला के समानांतर मार्ग का विकल्प रहेगा। वाहन चालक प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें। यात्री बसों के रूट भी बदले इंदौर और सीहोर की ओर से आने वाली यात्री बसें खजूरी और मुबारकपुर बायपास होते हुए गांधीनगर तथा लालघाटी के रास्ते हलालपुर बस स्टैंड पहुंचेंगी। विसर्जन के दौरान यात्री बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आईएसबीटी से चलने वाली बसें प्रभात, गोविंदपुरा तिराहा, प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज की ओर नहीं जा सकेंगी। इन्हें होशंगाबाद रोड और बायपास का उपयोग करना होगा। गुना और ग्वालियर की ओर से आने वाली बसों का अंतिम पड़ाव हलालपुर बस स्टैंड रहेगा। यह भी पढ़ें-एमपी में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर: दशहरे पर भीगे रावण,आज 21 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट इंदौर और देवास जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते बैरागढ़ और खजूरी क्षेत्र का चल समारोह बीआरटीएस कॉरिडोर से आगे सीहोर रोड स्थित विसर्जन स्थल तक जाएगा। इसके चलते भोपाल से इंदौर और देवास की ओर जाने वाले वाहन लालघाटी, गांधीनगर, एयरपोर्ट तिराहा, भौरी और खजूरी सड़क बायपास का उपयोग कर सकेंगे। वहीं, शहर से इंदौर की ओर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबड़ और भदभदा चौराहे के रास्ते निकल सकेंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विसर्जन और चल समारोह के दौरान प्रतिबंधित मार्गों से बचें तथा यात्रा शुरू करने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
#CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 21, 2026, 04:28 IST
भोपाल में आज कहां से निकलें, कहां रहेगा रास्ता बंद?: दुर्गा विसर्जन से रातभर बदला रहेगा ट्रैफिक,कई रूट डायवर्ट #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews
