Chamba News: बारिश से खेतों में बर्बाद हो गई गेहूं की फसल
किसानों की बढ़ी चिंता, मेहनत पर फिरा पानीसंवाद न्यूज एजेंसीसरोल (चंबा)। मौसम के करवट बदलने से जहां चिलचिलाती गर्मी से लोगों को निजात मिली है वहीं, बारिश ने अन्नदाताओं की चिंता को बढ़ा दिया है। क्षेत्र में इन दिनों गेहूं की फसल की कटाई का काम पूरे जोरों पर चल रहा है। अचानक हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सरोल और इसके आसपास के क्षेत्रों में कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी थी। कई किसानों ने थ्रेसिंग के लिए खेतों में ही गेहूं की फसल के ढेर लगाकर रखे थे, जो तेज बारिश के कारण पूरी तरह गीली हो गई है।किसानों चतर सिंह, योगराज, संजीव कुमार, किरपा राम, प्रकाश चंद, अंबिया राम आदि का कहना है कि फसल पक कर तैयार है। गेहूं कटाई का कार्य आरंभ होने वाला है लेकिन बारिश से गेहूं के दानों के खराब होने और काला पड़ने का खतरा हो गया है। जिन किसानों की आधी कटी फसल खेतों में पड़ी थी, उनके लिए अब उसे सुखाना और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना चुनौती बन गया है। स्थानीय किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। बारिश के बाद क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से गुहार लगाई है कि बारिश के कारण खराब हुई फसल का आकलन करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाया जाए। फिलहाल आसमान में छाए बादलों को देखकर किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं और वे जल्द अपनी बची हुई फसल को सुरक्षित करने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।
#WheatCropDestroyedInTheFieldsDueToRain #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 16:49 IST
Chamba News: बारिश से खेतों में बर्बाद हो गई गेहूं की फसल #WheatCropDestroyedInTheFieldsDueToRain #VaranasiLiveNews
