Khamenei Buried Updates: खामेनेई कब और कहां होंगे सुपुर्द-ए-खाक? तेहरान से मशहद तक ऐसा है पूरा कार्यक्रम

Ayatollah Ali Khamenei Buried Updates: अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमले में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारियां की जा रही हैं। एएनआई के मुताबिक, ईरान के सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है कि देश के नागरिक आज शाम राजधानी तेहरान के इमाम खुमैनी प्रार्थना स्थल पर खामेनेई को खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार यह कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा। कब होंगे सुपुर्द-ए-खाक खामेनेई के दफनाने की प्रक्रिया आज रात से शुरू होने की खबर है। ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान में खिराज-ए-अकीदत के बाद उन्हें मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। हालांकि, अभी तक निश्चित समय को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। खामेनेई को कहां दफनाया जाएगा रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयतुल्लाह अली खामेनेई को ईरान के दूसरे सबसे बड़े और पवित्र शहर मशहद में दफनाया जाएगा। यह उनका जन्म स्थान भी है और यहीं पर शिया समुदाय के आठवें इमाम, इमाम रजा की दरगाह है, जो दुनिया भर के शियाओं के लिए एक अत्यंत पवित्र स्थल है। खामेनेई के पिता भी इसी दरगाह परिसर में दफनाए गए थे। राजधानी तेहरान में खामेनेई को खिराज-ए-अकीदत पेश करने के बाद उनके शव को मशहद लाया जाएगा, जहां उनको दफनाया जाएगा। बेटे मोजतबा को कमान मिलने का दावा इस बीच इस्राइली मीडिया ने दावा किया है कि अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मोजतबा को उनका उत्तराधिकारी चुना गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान की विधानसभा जल्द ही मोजतबा खामेनेई के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकती है।हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मोजतबा अपने पिता के कार्यालय के संचालन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। उनके ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) और कुद्स फोर्स के शीर्ष नेतृत्व से भी करीबी संबंध हैं। इस्राइली मीडिया का कहना है कि मोजतबा अपने पिता से ज्यादा कट्टरपंथी विचारों वाले हैं और प्रदर्शनकारियों पर हिंसक कार्रवाई के पीछे उनका ही हाथ था। अमेरिका ने नवंबर 2019 में मोजतबा पर प्रतिबंध भी लगाए थे। अमेरिकी वित्त विभाग के मुताबिक, मोजतबा को कभी किसी सरकारी पद पर नियुक्त नहीं किया गया, फिर भी वे सर्वोच्च नेता का आधिकारिक तौर पर प्रतिनिधित्व करते थे। अमेरिका का आरोप है कि उन्होंने अपने पिता के अस्थिरता फैलाने वाले एजेंडे को आगे बढ़ाया। इस्राइल की सीधी धमकी इस घटनाक्रम पर इस्राइल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने चेतावनी दी कि खामेनेई की जगह लेने वाला कोई भी ईरानी नेता, हमारा निशाना रहेगा। काट्ज ने एक बयान में कहा, "इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसका नाम क्या है या वह कहां छिपा है। हम अपने अमेरिकी सहयोगियों के साथ मिलकर ईरानी शासन की क्षमताओं को नष्ट करने के लिए पूरी ताकत से कार्रवाई करना जारी रखेंगे।" यह भी पढ़ें:Iran Crisis: 'हमारा निशाना होगा, चाहे जो भी बने सुप्रीम लीडर', मोजतबा खामेनेई को इस्राइली मंत्री की खुली धमकी

#World #National #AyatollahAliKhamenei #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 14:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Khamenei Buried Updates: खामेनेई कब और कहां होंगे सुपुर्द-ए-खाक? तेहरान से मशहद तक ऐसा है पूरा कार्यक्रम #World #National #AyatollahAliKhamenei #VaranasiLiveNews