West Asia Crisis: खाड़ी देशों में रह रहे हिमाचली बोले-तनाव है पर हम सुरक्षित, परिजन फोन से संपर्क में
ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव का असर खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीयों पर भी दिखने लगा है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र से दुबई, कुवैत और सऊदी अरब में काम करने गए कई युवक असमंजस की स्थिति में हैं, जबकि उनके परिजन लगातार फोन पर उनकी सुरक्षा की जानकारी लेने में जुटे हैं। हालांकि, सभी युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सुंदरनगर के डीनक निवासी साहिद अंजुम दुबई के जबल अली क्षेत्र में कार्यरत हैं, जो सी-पोर्ट के पास स्थित है और समुद्र के पार ईरान की सीमा है। साहिद अंजुम ने बताया कि पिछले शनिवार को ईरान की ओर से हमला हुआ था, जिसमें कई मिसाइलें गिरीं और कुछ स्थानों पर हल्का नुकसान भी हुआ। सोमवार को भी मिसाइलें गिरने की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि आम नागरिकों के इलाके फिलहाल सुरक्षित हैं। साहिद ने परिवार को आश्वस्त किया कि वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। भोजपुर बाजार निवासी दीपक भारद्वाज कुवैत के महबूला शहर में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि महबूला क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और वहां किसी प्रकार की घटना नहीं हुई है। उनके अनुसार हमले मुख्य रूप से सीमा क्षेत्रों में हो रहे हैं, विशेषकर ईराक, ईरान और सऊदी अरब की सीमाओं के पास। उन्होंने माना कि क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और लोग सतर्क हैं। जडोल पंचायत के ठारू गांव निवासी मनसा राम ने बताया कि उनका पुत्र राकेश कुमार कुवैत में नौकरी करता है। राकेश ने भारतीय समयानुसार रात 11 बजे फोन कर बताया कि उसके शहर से लगभग 150 किलोमीटर दूर मिसाइल हमले हुए हैं। हालांकि, उसके कार्यस्थल और आवास के पास कोई हमला नहीं हुआ है। राकेश ने बताया कि कंपनी प्रबंधन ने एहतियातन कर्मचारियों को कैंपस और आवास परिसर में ही रहने के निर्देश दिए हैं। मनसा राम ने बताया कि बाद में दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। हालांकि, परिजन उम्मीद कर रहे हैं कि नेटवर्क में व्यवधान के कारण संपर्क नहीं हो पाया होगा।
#CityStates #Shimla #WestAsiaCrisis #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 03, 2026, 20:47 IST
West Asia Crisis: खाड़ी देशों में रह रहे हिमाचली बोले-तनाव है पर हम सुरक्षित, परिजन फोन से संपर्क में #CityStates #Shimla #WestAsiaCrisis #VaranasiLiveNews
