Una News: गगरेट विधानसभा क्षेत्र की 13 पंचायतों में आज होगा मतदान
दौलतपुर चौक (ऊना)। पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र की 13 पंचायतों में मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।तृतीय चरण में अमलेहड़, अम्बोआ, मरवाड़ी, पिरथीपुर, सलोह बैरी, मवां सिंधियां, कुठेड़ा जसवालां, वडोह, कुनेरन, घनारी, भद्रकाली, चलेट तथा अम्बोटा पंचायतों में मतदान होगा। मतदान को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं ग्रामीण मतदाता भी अपने गांव के विकास के लिए योग्य प्रतिनिधियों के चयन को लेकर काफी जागरूक और उत्साहित नजर आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार जोरों पर था और अब मतदान के दिन को लेकर चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार घनारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 23:33 IST
Una News: गगरेट विधानसभा क्षेत्र की 13 पंचायतों में आज होगा मतदान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
