New Year Temple Visit: क्लब छोड़िए, नए साल की शाम घूम आइए इन मंदिरों में
New Year Temple Visit : नया साल आने के पहले से ही शहरों में क्लब, पार्टियां और तेज संगीत का शोर बढ़ने लगता है। लेकिन हर दिल शोर नहीं चाहता। बहुत से लोग ऐसे होते हैं, जो साल की पहली सुबह शांति, आस्था और आत्ममंथन के साथ शुरू करना चाहते हैं। भारतीय परंपरा में नया काम, नया साल या नया संकल्प ईश्वर के दर्शन से शुरू करने की परंपरा रही है। यही वजह है कि आज भी हजारों लोग 1 जनवरी को क्लब नहीं, मंदिरों का रुख करते हैं। अगर आप भी नए साल 2026 की शुरुआत भीड़भाड़ और हैंगओवर से दूर, मन की स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करना चाहते हैं, तो ये मंदिर आपके लिए सही विकल्प हैं। आइए जानते हैं दिल्ली- लखनऊ से लेकर मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद में नए साल पर किन मंदिरों में दर्शन करना शुभ माना जाता है। अपने शहर के अनुसार मंदिर की ओर रुख करें और ईश्वर के दर्शन व पूजन के साथ नए साल 2026 की शुरुआत करें। दिल्ली का झंडेवाला देवी मंदिर दिल्ली में नए साल की सुबह झंडेवाला देवी मंदिर में विशेष भीड़ देखने को मिलती है। मान्यता है कि यहां माता के दर्शन से संकट दूर होते हैं और नई शुरुआत में बाधाएं नहीं आतीं। सुबह की आरती में शामिल होना बेहद शांत अनुभव देता है। इसके अलावा दिल्ली के इस्काॅन मंदिर, अक्षरधाम, बिरड़ा मंदिर में भी जा सकते हैं। लखनऊ का हनुमान सेतु मंदिर लखनऊ में नया साल हनुमान जी के दर्शन से शुरू करना शुभ माना जाता है। हनुमान सेतु मंदिर में 1 जनवरी को सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां दर्शन करने से बल, साहस और मानसिक मजबूती की कामना की जाती है। आप चाहें तो चंद्रिका देवी मंदिर या मनकामनेश्वर मंदिर में भी आज पूजन के लिए जा सकते हैं। मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर मुंबई में नए साल पर सिद्धिविनायक गणपति के दर्शन करना बेहद लोकप्रिय है। गणेश जी को विघ्नहर्ता कहा जाता है, इसलिए साल की शुरुआत उनके दर्शन से करने पर रुकावटें दूर होने की मान्यता है। मुंबई में हैं तो महालक्ष्मी मंदिर, मुंबा देवी मंदिर में भी दर्शन के लिए जा सकते हैं। बेंगलुरु का बुल टेंपल (नंदी मंदिर) बेंगलुरु में स्थित नंदी मंदिर नए साल पर शांति और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है। यहां भगवान शिव के वाहन नंदी के दर्शन से धैर्य और संतुलन मिलने की आस्था है। शहर के इस्काॅन मंदिर ,चोक्कनाथस्वामी मंदिर में भी आ सकते हैं। अहमदाबाद का अक्षरधाम मंदिर अहमदाबाद का अक्षरधाम मंदिर नए साल पर ध्यान और सकारात्मक सोच के लिए आदर्श स्थान है। यहां का वातावरण मन को धीमा और विचारों को स्पष्ट करता है, जो नए साल के संकल्पों के लिए जरूरी है।
#Travel #National #NewYear2026 #Temple #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 01, 2026, 09:56 IST
New Year Temple Visit: क्लब छोड़िए, नए साल की शाम घूम आइए इन मंदिरों में #Travel #National #NewYear2026 #Temple #VaranasiLiveNews
